1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP: सुहाग की पूजा का खाया ऐसा प्रसाद, 9 महिलाओं और 3 बच्चों समेत परिवार के 12 लोग हुए बीमार, सभी अस्पताल में भर्ती

UP: सुहाग की पूजा का खाया ऐसा प्रसाद, 9 महिलाओं और 3 बच्चों समेत परिवार के 12 लोग हुए बीमार, सभी अस्पताल में भर्ती

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jul 01, 2025 11:34 pm IST,  Updated : Jul 01, 2025 11:39 pm IST

परिवार के सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां सबका इलाज चल रहा है। परिवार के मुखिया ने इस मामले की शिकायत पुलिस में भी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में फूड प्वॉजनिंग का मामला सामने आया है। जिले के सुभाष नगर थाना क्षेत्र की एक कालोनी में पूजा का प्रसाद खाने से एक ही परिवार की 9 महिलाओं और तीन बच्चों समेत 12 लोग बीमार हो गए। इसके बाद से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। 

प्रसाद खाते ही होने लगी उल्टी और दस्त

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने कहा कि बीडीए कॉलोनी में पिन्नी की पूजा (सुहाग की पूजा) की मिठाई खाने से महिलाओं और बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उल्टी-दस्त होने लगी। सभी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

बच्चों को रखा गया विशेष निगरानी में

जिला अस्पताल के आपातकालीन चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर शैलेश रंजन ने कहा कि सभी मरीजों में विषाक्त पदार्थ खाने के लक्षण पाए गए हैं। बच्चों को विशेष निगरानी में रखा गया है। सभी का इलाज चल रहा है और अब स्थिति नियंत्रण में है। 

हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू

वहीं, पीड़ित परिवार के मुखिया ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है। थाना सुभाषनगर के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) जितेंद्र सिंह ने कहा कि परिजनों की तहरीर पर मावा विक्रेता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 

गुर्जर डेयरी पर मारा गया छापा

शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग (FSDA) की टीम ने मौके पर पहुंचकर मावा (खोआ) के आपूर्तिकर्ता गुर्जर डेयरी पर छापा मारा और मावे के नमूने लेकर जांच के लिए लखनऊ की प्रयोगशाला भेज दिए हैं। खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अगर नमूनों में मिलावट या अमानक स्तर की पुष्टि हुई तो दोषी पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।