1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. श्रीराम भक्त हनुमान की जन्मस्थली किष्किंधा से अयोध्या पहुंचा स्पेशल रथ, जानिए क्या है खास

श्रीराम भक्त हनुमान की जन्मस्थली किष्किंधा से अयोध्या पहुंचा स्पेशल रथ, जानिए क्या है खास

 Published : Jan 19, 2024 05:38 pm IST,  Updated : Jan 19, 2024 05:45 pm IST

कर्नाटक में हम्पी स्थित हनुमान जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अगले छह वर्ष में किष्किंधा में 1,200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से भगवान हनुमान की 215 मीटर की प्रतिमा बनाने की भी योजना बना रहा है।

हनुमान रथ - India TV Hindi
हनुमान रथ Image Source : PTI

अयोध्याः राम मंदिर में 22 जनवरी को ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह से पहले भगवान हनुमान की जन्मस्थली किष्किंधा से एक विशेष रथ अयोध्या पहुंच गया है। देशभर के मंदिरों का भ्रमण करते हुए, रथ को अयोध्या लाने से पहले नेपाल में माता सीता के जन्मस्थल जनकपुर ले जाया गया था। सौ भक्तों का समूह रथ के साथ नाचते-गाते, ‘‘जय श्री राम’’ का उद्घोष करते हुए और भगवान राम की तस्वीरों वाले भगवा झंडे लहराते हुए यात्रा कर रहा था।

 

दो महीने पहले चला था रथ

श्री हनुमान जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अभिषेक कृष्णशास्त्री ने से कहा, ‘‘जब हजारों लोग राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के महत्वपूर्ण दिन के लिए अयोध्या जा रहे हैं, तो भगवान हनुमान वहां कैसे नहीं हो सकते? हम इस रथ यात्रा के लिए निकले और पिछले दो महीनों में कई स्थानों की यात्रा की। रथ 25 जनवरी तक अयोध्या में रहेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम भगवान राम की सेवा करने के लिए किष्किंधा से यहां आये हैं। रथ पर भगवान राम की हनुमान को गले लगाते हुए एक मूर्ति है। हनुमान भगवान राम के सबसे बड़े भक्त माने जाते हैं। 

अयोध्या भ्रमण करेगा रथ

मंदिर शहर अयोध्या का भ्रमण करने के बाद, रथ को सरयू नदी के तट पर खड़ा किया गया है जहां पर्यटक और भक्त इस रथ की ओर आकर्षित हो रहे हैं। कृष्णशास्त्री ने कहा, ‘‘हम भगवान हनुमान के जन्मस्थल पर उनके लिए एक ऐसा ही मंदिर बनाना चाहते हैं। यात्रा के दौरान, हमें जो भी दान मिलेगा, उसका इस्तेमाल मंदिर के लिए किया जाएगा।

हनुमान रथ
Image Source : PTIहनुमान रथ

किष्किंधा में बनेगा भगवान हनुमान का विशाल मंदिर

कर्नाटक में हम्पी स्थित हनुमान जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अगले छह वर्ष में किष्किंधा में 1,200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से भगवान हनुमान की 215 मीटर की प्रतिमा बनाने की भी योजना बना रहा है। ऐसा माना जाता है कि किष्किंधा यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल हम्पी के बाहरी इलाके में स्थित है। कृष्णशास्त्री ने कहा, ‘‘रथ को 40 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसमें भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता, भगवान हनुमान, हम्पी के भगवान विरूपाक्ष और भगवान हनुमान की माता अंजनी की प्रतिमाएं हैं।

यात्रा तीन साल पहले शुरू हुई थी। हम जहां भी जाते हैं, मंदिर के सभी अनुष्ठान करते हैं और स्थानीय लोग पूजा में शामिल होने के लिए आते हैं।’’ उन्होंने कहा कि किष्किंधा से श्रद्धालु हर साल देव दीपावली के लिए अयोध्या आते हैं लेकिन रथ पहली बार यहां आया है।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।