नई दिल्ली: तेलुगू की ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म 'रुद्रमादेवी' दुनिया भर के सिनेमाघरों में 9 अक्टूबर को प्रदर्शित की जाएगी। फिल्म का निर्माण रिलायंस एंटरटेनमेंट और अभिषेक पिक्चर्स ने किया है।
खबरों के अनुसार फिल्म पहले 4 सितम्बर को रिलीज होने वाली थी लेकिन फिल्म में कुछ और काम होना बाकी था जिसकी वजह से इसकी तारीख को आगे बढ़ाकर 17 सितम्बर कर दिया गया था। लेकिन अब इसकी नई तारीफ सामने आई है कि फिल्म 9 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
निर्देशक गुणशेखर की फिल्म को हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में प्रदर्शित किया जाएगा। इसके निर्माता अभिषेक नामा हैं।
इस फिल्म में अभिनेत्री अनुष्का शेट्टी 'रुद्रमादेवी' का किरदार निभा रही हैं और यह फिल्म काकतीय राजवंश की तीसरी सदी की महिला शासक के जीवन पर आधारित है।
फिल्म में अनुष्का के अलावा अल्लु अर्जुन, राणा डग्गुबाती, विक्रमजीत विर्क, प्रकाश राज, कृष्णनन राजू, नित्या मेनन, बाबा सहगल और कैथरीन ट्रेसा भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
इस फिल्म के संगीतकार इलैयाराजा हैं और फिल्म में इस्तेमाल हुए परिधानों को नीता लुल्ला ने डिजाइन किया है।