मुंबई: अभिनेता अर्जुन कपूर का मानना है कि करीना कपूर एक बेहद सरल किस्म की इंसान हैं, जो अपने स्टारडम को गंभीरता से नहीं लेतीं। अर्जुन का कहना है कि यही करीना की सबसे बड़ी खासियत है। अर्जुन बचपन में करीना पर मोहित रहे हैं। ऐसे में उन्हें करीना के साथ आर बाल्की की 'की एंड का' में काम करना काफी आसान लगता है।
ये भी पढ़ें- अर्जुन, करीना ने 'की एंड का' की शूटिंग खत्म की
अर्जुन ने पीटीआई भाषा से कहा, "सबसे पहली चीज जो मैंने उनसे सीखी, वह है सरल रहना। यहां इतना लंबा समय बिताने के बावजूद उन्होंने अपने आप को खोया नहीं है। वह हमेशा एक सी रही हैं। वह जैसी सेट पर हैं, वैसी ही इससे बाहर हैं। वह अपने स्टारडम को गंभीरता से नहीं लेतीं। मुझे लगता है कि यह उनकी सबसे बड़ी खासियत है। करीना के बड़े प्रशंसक अर्जुन (30) ने कहा कि वह अपने निर्देशकों की बात बहुत धैर्य के साथ सुनती हैं।"
अर्जुन ने कहा, "वह एक जन्मजात अभिनेत्री हैं। वह अपने निर्देशकों की बात सुनती हैं। एक अभिनेत्री के तौर पर वह बेहद ध्यान से सुनती हैं कि निर्देशक क्या चाहता है। बहुत से लोगों की अपनी राय या नजरिया होता है लेकिन करीना ऐसा नहीं करतीं, वह अभी भी अपने निर्देशकों की बात सुनती हैं।"
उन्होंने कहा, "अपने काम के प्रति इस विनम्रता से मुझे प्यार है।" मंझी हुई अभिनेत्री करीना के आगे तुलनात्मक रूप से नए कलाकार अर्जुन ने उनके आगे घबराहट महसूस नहीं की। अर्जुन ने कहा, "मैं उनका प्रशंसक रहा हूं क्योंकि वह एक बेहतरीन अभिनेत्री हैं। मैं इंडस्ट्री में ही बड़ा हुआ हूं। मैं करीना को वर्षों से जानता हूं, तब तो वह अभिनेत्री भी नहीं बनी थीं। उन्होंने मेरे पिता के साथ चार फिल्में की हैं। वह उन कलाकारों में से नहीं हैं, जो किसी दूसरे व्यक्ति को डरा हुआ महसूस करवाएं। हमें सेट पर मजा आता है।"
उन्होंने कहा, "हम काफी समय से एक दूसरे को जानते हैं। यह हमारे लिए सामान्य है। हमें तालमेल बैठाने की या झिझक हटाने की जरूरत नहीं पड़ती। हमारे पास बेहतरीन निर्देशक, बढि़या कलाकार और एक बढि़या कहानी है। हमने 50 से भी कम दिनों में फिल्म पूरी कर ली।"
अपने चाचा अनिल कपूर के साथ चाचा भतीजा के रीमेक में काम करने की खबरों को अर्जुन ने खारिज किया और कहा, यह सच नहीं है।
फिलहाल अर्जुन एडवेंचर रिएलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' के प्रस्तोता के रूप में छोटे पर्दे पर अपनी पारी की शुरूआत को लेकर बेहद उत्साहित हैं।