नई दिल्ली: ताज होटल में एनआरआई से मारपीट के मामले में सैफ अली खान आज मुंबई के किला कोर्ट में पेश हुए। कोर्ट द्वारा सैफ से पूछे जाने पर कि क्या उन्हें मंजूर होगा अगर यह मामला मध्यस्थता केंद्र में भेजा जाए? इस पर सैफ और उनके वकीलों ने हामी भर दी।
मध्यस्थता केंद्र जाने पर दोनों पार्टी आपस में समझौता करके पूरे मामले को खत्म भी कर सकती हैं। 27 जुलाई को दोनों के बीच समझौते की तारीख तय हुई है। मेडिएशन सेंटर की रिपोर्ट के बाद अब किला कोर्ट अपना फैसला लेगी।
पिछली सुनवाई में सैफ विदेश में चल रही शूटिंग के लिए व्यस्त होने के कारण कोर्ट नहीं आ पाए थे। इस बात के लिए सरकारी वकील वाजिद शेख ने सैफ के खिलाफ वारंट जारी करने की मांग की थी। पिछली तारीख पर सैफ के वकील ने छूट की अर्जी पेश की जिसकी वजह से अदालत भी नाराज दिखी थी।
सैफ अली खान पर 22 फरवरी 2012 को ताज होटल में एक एनआरआई से मारपीट करने का मामला दर्ज है। उस दिन सैफ अपने दोस्त बिलाल ताजदार अमरोही और शकील अफजल के साथ ताज होटल में डिनर के लिए गए थे। जहां किसी बात को लेकर एनआरआई इकबाल शर्मा से उनकी झड़प हो गई। जिसके बाद इकबाल शर्मा ने कोलाबा पुलिस स्टेशन में सैफ के खिलाफ मारपीट करने शिकायत दर्ज कराई थी।