नई दिल्ली: पंजाबी फिल्मों के अभिनेता-सिंगर दिलजीत दोसांझ ने पिछले दिनों आई फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। अब वह जल्द ही अनुष्का शर्मा के प्रोडक्शन में बन रही फिल्म ‘फिलौरी’ में भी नजर आने वाले हैं। दिलजीत का कहना है कि वह उनका बहुत सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा, “अनुष्का के साथ काम करना बहुत बढि़या था। इन सभी बड़े कलाकारों का अपने जूनियर कलाकारों को सहज महसूस करवाने का तरीका बेहद खूबसूरत होता है। एक कलाकार के नाते मैं उनकी बहुत इज्जत करता हूं।“
इसे भी पढ़े:-
- बॉलीवुड फिल्मों को साइन करने की जल्दी में नहीं हैं दिलजीत दोसांझ
- दिलजीत करना चाहते हैं कबड्डी पर आधारित फिल्म में काम
‘सुल्तान’ की अभिनेत्री अनुष्का भले ही अपने सह-कलाकारों से दोस्ताना व्यवहार करती हैं लेकिन दिलजीत उनके सामने कम ही बोलते हैं क्योंकि वह खुद को पागल नहीं दिखाना चाहते। उन्होंने कहा, “मैं सेट पर बहुत शर्मीला हूं। मैं ज्यादा बात नहीं करता। जब आप अनुष्का जैसी बड़ी स्टार के साथ काम कर रहे होते हो, तब आपको बोलने से पहले सोचने की जरूरत पड़ती है।“ उन्होंने कहा, “सबसे पहले तो मुझे इस अंग्रेजी में समस्या है। मुझे लगता है कि शायद मुझे बाकी लोगों की बात ही न समझ आए और मेरा पागल बन जाए। मेरी हिंदी भी उतनी अच्छी नहीं है। मैं इसपर काम कर रहा हूं। इसीलिए मेरी कोशिश रहती है कि मैं कम बोलूं और सिर्फ कैमरे के सामने ही बोलूं।“
हालांकि एक बार कैमरा ऑन हो जाए तो ‘सरदार जी 2’ का यह सितारा अपना सर्वश्रेष्ठ देने में कभी मात नहीं खाता। इसकी एक वजह यह है कि वह फिल्म निर्माताओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी को बखूबी समझते हैं। उन्होंने कहा, “कैमरा रोल हो जाने के बाद मैं एकदम ठीक और उर्जा से भरपूर हो जाता हूं क्योंकि मेरी जिम्मेदारी है कि मैं निर्माताओं को निराश न करूं।“
दिलजीत खुद को एक अभिनेता से पहले गायक मानते हैं। बॉलीवुड और पंजाबी फिल्मों के अलावा वह इस साल कई एकल गाने रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। ‘प्रॉपर पटोला’ जैसा हिट गाना देने वाले दोसांझ मुंबई में एक कॉन्सर्ट भी करना चाहते हैं।