मुंबई: ऋचा चड्ढा अभिनीत फिल्म 'कैबरेट' के साथ शुरुआत कर रहे नवोदित फिल्मकार कौस्तव नारायण नियोगी ने कहा कि यह फिल्म भारतीय महिलाओं के साहस को सलाम करती है। नियोगी ने कहा, "फिल्म 'कैबरेट' एक लड़की की कहानी है, जिसकी यात्रा झारखंड के एक छोटे से गांव से शुरू होती है। गांव में उसके साथ दर्दनाक हादसा होता है और इसके बाद वह काम ढूंढ़ने मुंबई आती है।"
पूजा भट्ट द्वारा निर्मित इस फिल्म में ऋचा चड्ढा, गुलशन देवैया और एस. श्रीसंत प्रमुख भूमिकाओं में हैं। नियोगी फिल्म निर्देशक बनने का श्रेय पूजा भट्ट को देना चाहते हैं। उनका कहना है कि पूजा ने उन्हें इसके लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा, "इसका श्रेय पूजा भट्ट को जाता है। मैं विज्ञापन की दुनिया से हूं और वह हमेशा मुझसे कहती थीं कि मुझमें कहानी सुनाने के गुण हैं और मुझे किसी दिन फिल्म-निर्देशन करना चाहिए। वह कहती रहीं और आखिरकार मैंने फिल्म के निर्देशन का फैसला किया।"