मुंबई: बॉलीवुड के जाने माने निर्माता-निर्देशक प्रियदर्शन ने अपने अब तक के फिल्मी करियर में कई ऐसी फिल्में दी हैं जिन्होंनें दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर दिया है। लेकिन कई हास्य फिल्में बनाने वाले प्रियदर्शन को आज कॉमेडी फिल्मों का हाल देखकर दुख होता है। 'हेरा फेरी', 'गरम मसाला', 'मालामाल वीकली' और 'भागम भाग' जैसी हंसा-हंसाकर लोटपोट कर देने वाली फिल्में बनाने वाले प्रियदर्शन ने कहा कि, फिल्मों में हास-परिहास केवल मजाकिया हरकतों तक सीमित रह गया है। उन्होंने कहा, "आज अच्छी हास्य फिल्मों की बड़ी कमी है। मैं देखता हूं कि कॉमेडी के नाम पर पूरी तरह मसखरापन दिखाया जा रहा है। मैं ऐसी कॉमेडी में भरोसा नहीं करता जो केवल चेहरे बनाने और मजाक करने पर आधारित होती हैं।"
इसे भी पढ़े:- ऋतिक ने दी अक्षय को दी बधाई, कहा 'रुस्तम' का ट्रेलर अच्छा लगा
...तो इसलिए सोनाक्षी की ‘अकीरा’ के लिए इतने बेताब हैं अक्षय
59 वर्षीय फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन के अनुसार वह अपनी फिल्मों में भद्दे संवादों से हास्य पैदा करने से बचते हैं क्योंकि फिल्में परिवार के देखने के लिए होती हैं। उन्होंने कहा, "मैंने अपनी फिल्मों में हमेशा द्विअर्थी, भद्दे और अश्लील संवादों से बचने का प्रयास किया है। इसलिए जब मैं हास्य फिल्मों का हाल देखता हूं तो दुख होता है।"
प्रियदर्शन के अनुसार, कॉमेडी फिल्मों के साथ कुछ सामाजिक मूल्य जुड़े होते हैं। आपको ऐसी फिल्में बनानी चाहिए जो बच्चे अपने माता-पिता के साथ मजे से देख सकें। गुणवत्ता वाला हास्य होना चाहिए।
वह अक्षय कुमार के साथ अपनी नई कॉमेडी फिल्म शुरु कर रहे हैं जिसके निर्माता रोहित शेट्टी होंगे।