मुंबई: बॉलीवुड के दबंग सलमान खान की पेंटिंग के शौक से तो हर कोई वाकिफ है। लेकिन उनका आर्टवर्क शायद ही किसी को देखने के लिए नसीब हुआ हो। सलमान ने हाल ही में, ट्विटर पर अपनी एक पेंटिंग साझा की है। इसे उन्होंने 'बजरंगी भाईजान' का कैप्शन दिया है।
पेंटिंग ब्लैक एंड व्हाइट बनी हुई है। जिसमें एक आदमी और महिला को दिखाया गया है। महिला के माथे पर लाल बिंदी लगाई गई है। जिसे देख कर ऐसा अंदाजा हो रहा है कि इस पेंटिंग में सलमान ने किसी शादीशुदा जोड़े को दिखाने की कोशिश की है।
सलमान खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'बजरंगी भाईजान' का अलग-अलग तरीके से प्रमोशन कर रहे हैं। यह पेंटिंग भी उसी का एक हिस्सा है। कबीर खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान के अलावा करीना कपूर खान और नवाजुद्दीन सिद्दिकी को भी अहम भूमिका में देखा जाएगा। फिल्म अगले महीने 17 जुलाई को रिलीज होने जा रही है।