नई दिल्ली: कोरियोग्रॉफर श्यामक डावर पर दो पूर्व कनाडाई डांसरों ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है। भारतीय मूल की दो पूर्व कनाडाई डांसर्स प्रेसी श्रॉफ (40) और जिमी मिस्त्री (33) ने ब्रिटिश कोलंबिया के सुप्रीम कोर्ट में मामला दर्ज किया है।
उन दोनों का कहना है कि दावर एक पंथ वीआरआरपी स्पिरिचुअल लर्निंग ग्रुप पर नियंत्रण रखने वाले नेता है। हालांकि डावर ने लिखित जवाब में इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे दोनों पूर्व डांसर उनके चरित्र, प्रतिष्ठा और संबंद्ध संगठनों की छवि को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
सीबीसी न्यूज की एक खबर के मुताबिक नॉर्थ वेंकूवर की श्रॉफ और मिस्त्री ने दावा किया है कि वर्षों तक दावर ने उनके साथ कथित तौर पर छेड़खानी की। डावर का अधिकतर समय मुंबई और नॉर्थ वेंकूवर में गुजरता है। उनका कहना है कि वीआरआरपी के वह संरक्षक हैं, उसके नेता नहीं। श्रॉफ और मिस्त्री का दावा है कि उन दोनों को मानसिक चोट पहुंची है।
वहीं कोरियोग्राफर का कहना है कि उन्होंने अपनी कंपनी के किसी भी डांसर के साथ कभी भी अनुचित यौन बर्ताव नहीं किया और न ही आध्यात्मिकता का इस्तेमाल कर उनसे काम लेने या उन्हें अपने वश में करने का प्रयास किया।
श्यामक डावर फिल्म 'दिल तो पागल है' और 'धूम 2' जैसी कई अन्य फिल्मों में कोरियोग्राफी कर चुके है।