1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केरल से 15 युवक लापता, परिवार वालों को IS से जुड़ने की आशंका

केरल से 15 युवक लापता, परिवार वालों को IS से जुड़ने की आशंका

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 09, 2016 01:57 pm IST,  Updated : Jul 09, 2016 01:58 pm IST

पश्चिम एशिया गए केरल के कासरगोड़ और पलक्कड़ जिले के कम से कम 15 युवक पिछले एक माह से लापता हैं। परिवार वालों को संदेह है कि ये लोग शायद आईएस में शामिल हो गए हैं।

isis- India TV Hindi
isis

तिरवनंतपुरम: पश्चिम एशिया गए केरल के कासरगोड़ और पलक्कड़ जिले के कम से कम 15 युवक पिछले एक माह से लापता हैं। परिवार वालों को संदेह है कि ये लोग शायद आईएस में शामिल हो गए हैं। कासरगोड़ के सांसद पी करूणाकरण ने कहा कि मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने पुलिस को मामले की जल्द से जल्द जांच करने का आदेश दिया है। युवकों के परिवार वालों ने बताया कि उन्हें इन युवकों के बारे में पिछले एक माह से कोई जानकारी नहीं मिली है। लापता लोगों में एक दंपति शामिल है।

परिवार वालों को संदेह है कि पश्चिम एशिया में धार्मिक अध्ययन के सिलसिले में गए इन युवकों को कट्टरपंथ ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है। कासरगोड़ जिला पंचायत के सदस्य वी पी पी मुस्तफा ने कहा कि ईद के दौरान लापता हुए दो युवकों के माता-पिता के पास वॉट्स एप पर संदेश आए थे जिसमें लिखा था, हम वापस नहीं आएंगे । यहां रूहानी माहौल है। आप भी यहां आ जाएं। उन्होंने बताया कि एक अन्य संदेश में लिखा था, हम आईएस में शामिल हो गए हैं ताकि मुसलमानों पर हमला करने वाले अमेरिका से लड़ सके। संदेशों की सत्यता जांची जाएगी।

करूणाकरण, त्रिकरिप्पुर के विधायक एम राजगोपालन और मुस्तफा ने परिवार वालों के उनसे संपर्क करने के बाद मुख्यमंत्री को इस मामले की जानकारी दी। राजगोपालन ने पीटीआई भाषा से कहा कि लापता हुए सभी युवकों की उम्र 30 से कम है और सभी उच्च शिक्षा प्राप्त हैं। करूणाकरण ने आज कहा, मुख्यमंत्री ने पुलिस को मामले की जल्द से जल्द जांच करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि लापता युवकों के परिवार वालोें ने कल उनसे मुलाकात कर उन्हें मामले की जानकारी दी थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत