यूपी के बिजनौर में शुक्रवार को दो समुदायों के बीच संघर्ष में तीन लोगों की जान चली गई और पंद्रह लोग घायल हो गए। दरअसल स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ के बाद मामले ने तूल पकड़ा और कुछ ही देर में हिंसा भड़क गई। अब शहर में शांति है और ऐहतियात के तौर पर कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी गई है।
ख़बरों कए अनुसार पैदा गांव में दो गुटों में बीच पहले नोंकझोंक हुई और फिर नोंकझोंक पथराव में तब्दील हुो गई और कुछ देर बाद गोलियां चलने लगी।
आरोपों के मुताबिक पैदा गांव में कुछ लड़कों ने स्कूली छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की। लडकियों ने जब अपने घरवालों को ये बात बताई तो वो उग्र हो गए और आरोपियों के घर जाकर फायरिंग करना शुरू कर दी। दूसरे पक्ष की तरफ से भी पथराव और फायरिंग होने लगी।
इस हिंसा से इलाके में तनाव कुछ ऐसा फैला कि लोग सहमकर घरों में दुबक गए.. मौके की नजाकत को देखते हुए घटनास्थल पर बड़े पैमाने पर पुलिसबल तैनात कर दिया गया। दोपहर बाद विशेष सचिव मणि प्रसाद के साथ एडीजी कानून व्यवस्था दलजीत सिंह चौधरी ने गांव पहुंच कर भीड़ को शांत करने की कोशिश की...
तनाव के मद्देनजर पूरा गांव अब भी छावनी बना है और जिले भर में पुलिस अलर्ट पर है। इलाके के दारोगा और सिपाही को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने कई आरोपियों को भी पकड़ा है।
राज्य सरकार ने मारे गए लोगों के परिवार वालों को मुआवजे देने का ऐलान किया है।