हैदराबाद: आज जहां एक ओर बच्चों के लिए टेक्नोलॉजी इतनी बढ़ गई है कि वह किसी भी बारे में आसानी से कोई भी जानकारी हासिल कर सकते हैं। वहीं बच्चे अपनी पढ़ाई को लेकर भी काफी सक्रिय होते जा रहे हैं। हाल ही में खबर आई है कि हैदराबाद के विलक्षण प्रतिभा के धनी अगस्त्य जायसवाल ने 11 साल की उम्र में 12 वीं कक्षा की परीक्षा पास करने की विरल उपलब्धि हासिल की है।
- नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान ने किया संघर्ष विराम का उल्लंघन
- शशिकला के भतीजे पर रिश्वत देने के संबंध में केस दर्ज
- हमारा देश राजाओं, नेताओं से नहीं, जनशक्ति से चला है: मोदी
अगस्त्य के पिता अश्विनी कुमार का कहना है कि उसने 63 प्रतिशत अंक हासिल कर इंटरमीडिएट द्वितीय वर्ष की परीक्षा पास की। उन्होंने दावा किया कि उनका बेटा राज्य का पहला व्यक्ति है जिसने इतनी कम उम्र में यह परीक्षा पास की है। कुमार ने कहा कि अगस्त्य ने एसएससी की परीक्षा 2015 में 9 साल की आयु में पास की थी और उसके बाद तेलंगाना एसएससी बोर्ड से परीक्षा में बैठने के लिए अनुमति मांगी थी।
कुमार ने कहा कि लेकिन इंटरमीडिएट की परीक्षा में बैठने के लिए इस तरह की किसी विशेष अनुमति की आवश्यकता नहीं है। इंटरमीडिएट शिक्षा बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा कि 12 वीं कक्षा की परीक्षा में उपस्थित हो रहे छात्र को सिर्फ विषय, परीक्षा के माध्यम और दूसरी भाषा से संबंधित सूचना देनी होती है, न कि आयु की। उन्होंने कहा कि इंटरमीडिएट शिक्षा बोर्ड अन्य सूचना के लिए एसएससी के आंकड़े पर निर्भर करता है।