हुगली: पश्चिम बंगाल के हुगली में बुधवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं ने बीजेपी के स्थानीय दफ्तर को आग के हवाले कर दिया गया। केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो के घर पर भी हमला बोला और तोड़फोड़ की। बाबुल सुप्रियो ने टीएमसी के कार्यकर्ताओं पर उनके घर में जबर्दस्ती घुसने का आरोप लगाया है। सुप्रियो ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर कर कहा कि कोलकाता स्थित उनके माता-पिता के घर में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने जबरन घुसने की कोशिश की।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
भ्रष्टाचार के मामलों में टीएमसी के दो नेताओं की गिरफ्तारी के बाद बंगाल में बढ़े तनाव के बाद सुप्रियो ने यह आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, 'दुख की बात यह है कि मैं एक मंत्री हूं, मुझे हर जगह सुरक्षा मिलती है लेकिन गरीब बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का क्या, जो जमीन पर हैं। उन्हें पीटा जा रहा है, बीजेपी के झंडे जलाए जा रहे हैं, एक बूढ़ी महिला के घर पर बम फेंका गया, वह बुरी तरह घायल है। पूरे बंगाल में यही हो रहा है।'
बता दें कि टीएमसी के ये कार्यकर्ता रोज वैली फंड स्कैम के आरोपों में गिरफ्तार किए गए अपने 2 नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। अपने नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में टीएमसी के सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के आवास तक बुधवार को मार्च किया।