नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आज महर्षि वाल्मीकि की जयंती मनायी जिसमें पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कवि रिषि को श्रद्धाजलि अर्पित की। शाह ने यहां स्थित भाजपा मुख्यालय में वाल्मीकि जयंती मनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने अपनी सभी योजनाएं दलितों और गरीबों को समर्पित की हैं जिससे उन्हें उनकी सामाजिक आर्थिक स्थिति को सुधारने में मदद मिल सके।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
उन्होंने हिंदू महाकाव्य रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि द्वारा वाल्मीकि समुदाय और दलितों के उत्थान के लिए निभायी गई मौन भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महर्षि ने कहा था कि सभी बराबर हैं। शाह ने कहा कि बी. आर. अंबेडकर द्वारा तैयार संविधान यह सुनिश्चित करता है कि प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार एवं आगे बढ़ने के लिए समान अवसर मिले।
उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ऐसी सरकार है जो दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के लिए सबसे अधिक काम कर रही है। किसी भी मंत्रालय या विभाग को ले लीजिये आप देखेंगे कि पहली पांच योजनाएं गरीबों, दलितों, पिछड़ों और वंचितों को समर्पित हैं।
भाजपा अगले वर्ष होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से पहले दलित समुदाय तक पहुंचने का कड़ा प्रयास कर रही है लेकिन रोहित वेमुला मुद्दा और दलितों पर गोरक्षकों द्वारा किये गए हमले सहित कई विवादों के चलते उसे झटका लगा।