नई दिल्ली: दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी रजत शर्मा के शो आप की अदालत के सेट पर उस समय रो पड़े जब कश्मीर में युवाओं द्वारा सीआरपीएफ के जवानों के साथ मारपीट के वीडियो का जिक्र आया। इस शो का प्रसारण इंडिया टीवी पर आज रात किया गया।
इससे बेहतर हम मर गए होते
कश्मीरी युवकों द्वारा सीआरपीएफ जवानों के साथ बदसलूकी की घटना का जिक्र करते हुए मनोज तिवारी ने कहा, 'जब मैंने सैनिक के सिर पर थप्पड़ पड़ते देखा, हमें लगा इससे बेहतर हम मर गए होते। ये देश माफ नहीं करेगा, कभी माफ नहीं करेगा... ऐसे लोगों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। हमारे जवान खड़े होते हैं तब हम चैन से सोते हैं।'
भारत का जवान 50 बार बर्दाश्त करता है
'जो जवानों पर आरोप लगाते हैं कि वे उग्र हैं, उन्होंने उग्रता देखी? दौड़-दौड़ कर 5-6 लोग जवान को मार रहे हैं और जवान का पेशेंस देखिए.. वो भारत का जवान है। 50 बार बर्दाश्त करता है क्योंकि उसको आतंकवादियों को सजा देनी है। जब बाढ़ आती है तब वह लोगों को बचाता है। सारे लोग नहीं, कुछ लोग मना भी कर रहे हैं वीडियो में। वहां की सीएम ने कहा है कि सिर्फ 5 पर्सेंट लोग ये काम करते हैं लेकिन राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी उन्हीं 5 पर्सेंट का मन बढ़ा रहे हैं।'
राहुल गांधी देश से क्षमा मांगें
तिवारी ने कहा, 'एक बार राहुल गांधी खुद वीडियो देखें 'जिसमें नारा वही था हम छीन के लेंगे आजादी', जेएनयू में भी वही नारा था... आपको क्षमा मांगनी चाहिए देश से कि हमने गलत सपोर्ट कर दिया था। हम सैल्यूट करते हैं जेएनयू के छात्रों को जिन्होंने इसे टॉप रैंकिंग में ला दिया लेकिन जो लोग इसे बदनाम करते हैं उनका साथ नहीं देना चाहिए।''
EVM में छेड़छाड़ के आरोप गलत
तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के चुनावों के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में छेड़छाड़ के आरोपों की निंदा की, उन्होंने कहा, ‘ये कैसा EVM है जो पंजाब में Cong को सीट दे दे, बिहार में लालू को दे दे और यूपी में BJP को सीट दे दे... ये कैसे हो सकता है, ये मानसिक दिवालियापन है।‘
केजरीवाल की 56 ईंच की जीभ
राजौरी गार्डन के उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार की हार पर तिवारी ने कहा, ' हमने नहीं कराई, उनके कर्मों ने कराई है। केजरीवाल मेरे साथ दिल्ली के किसी भी झुग्गी बस्ती में चलें, गांव में किसी भी किसान के घर चलें, नजफगढ़ में चलें, इन बस्तियों में लोग एक ही बात कहते हैं.. हमें पानी चाहिए, पानी का नल लगा दें.... केजरीवाल की 56 ईंच की जीभ है वो कुछ भी कह सकते हैं।‘
आम आदमी पार्टी के पास दफ्तर ही दफ्तर हो
केंद्र सरकार द्वारा आम आदमी पार्टी के दफ्तर का अलॉटमेंट रद्द करने के केजरीवाल के आरोप पर तिवारी ने जवाब दिया: 'मैं चाहता हूं आम आदमी पार्टी के पास दफ्तर ही दफ्तर हो, लेकिन दफ्तर अलॉट करनेवाले के पास एकबार तो जाएं और अलॉट करवा लें। अलॉट करवाते हो आप मंत्री के नाम से फिर कहते हो इसे दफ्तर बना दिया।'
बात थाली की नहीं बात नीयत की है
केजरीवाल के द्वारा दिए गए भोज में होटल की तरफ से प्रति प्लेट 13 से 19 हजार रुपये चार्ज करने के आरोप पर तिवारी ने कहा, '13 हजार रुपए में तो हम एक पूरी झुग्गी को भोज करा देते हैं। वो बताएं कि 13 हजार की प्लेट में कितना चावल था, कितना मीट था, कितनी मछली थी। हमारे योगी जी सीएम बने तो 5 रुपये की थाली दे रहे हैं। ये सीएम बनते हैं तो 13 हजार की थाली कार्यकर्ता को और 16 से 19 हजार की थाली अपने और अपने मंत्रियों को देते हैं। बात थाली की नहीं बात नीयत की है। आप गरीब की जेब पर डाका डालकर 16 हजार की थाली खाते हो तो मैं समझता हूं कि आपकी नीयत खराब है।'
मनोज तिवारी रजत शर्मा के शो आप की अदालत में का प्रसारण आज रात 10 बजे इंडिया टीवी पर हुआ। इस शो को कल सुबह 10 बजे और रात में 10 फिर से प्रसारित किया जाएगा।