नई दिल्ली: मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को 90 दिन की हिरासत में लिये जाने को भाजपा नेताओं ने आज आंख में धूल झांकने वाली कार्रवाई करार दिया और इस्लामाबाद से जमात-उद-दावा प्रमुख पर मुकदमा चलाने और भारत को सौंपने की मांग की।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि पाकिस्तान को सईद के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल करना चाहिए। संसद से बाहर उन्होंने संवाददाताओं से कहा, हम पाकिस्तान पर लगातार दबाव बना रहे हैं। हम विश्व के संज्ञान में यह बात ला रहे हैं कि ना सिर्फ सईद बल्कि अन्य (आतंकवादियों) को भी पाकिस्तान में फलने-फूलने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा, सभी ओर से दबाव की स्थिति में पाकिस्तान को निश्चित तौर पर कदम उठाने होंगे।
सईद को नजरबंद किये जाने से जुड़ी खबरों पर भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि यह कार्रवाई पर्याप्त नहीं है और पाकिस्तान को जमात-उद-दावा प्रमुख को भारत को सौंपना चाहिए। ऐसा नहीं होने पर राजग सरकार को पाकिस्तान को चार हिस्सों में बांटने की तैयारी करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, उसे भारत को सौंपा जाना चाहिए...मेरे ख्याल से भारत को पाकिस्तान को चेताना चाहिए कि वह उसे सौंपे। अगर वे इस चेतावनी को नजरंदाज करते हैं तो हमें पाकिस्तान को चार हिस्सों में बांटने की तैयारी करनी चाहिए।
पूर्व केंद्रीय गृह सचिव और भाजपा सांसद आरके सिंह ने भी सईद की हिरासत से जुड़ी खबरों को अधिक तवज्जो नहीं दी और कहा कि यह पाकिस्तान को उन देशों की सूची से खुद को बाहर रखने की जुगत है, जहां से आप्रवास पर रोक लगा दी गयी है। उन्होंने पाकिस्तान की इस कार्रवाई को आंख में धूल झोंकने वाला और मजाक करार दिया।