कानपुर: होली नजदीक आते ही खाद्य विभाग और जिला प्रशासन ने शहर की मावा मंडियों और अन्य मंडियों पर छापेमारी शुरू कर दी है तथा गोविंदनगर मावा मंडी से करीब दो क्विंटल (200 किलो) नकली मावा बरामद किया है। अधिकारियों का दल जब छापेमारी के लिए पहुंचा तो मावा व्यापारी अपना मावा छोड़कर भाग गये।
खाद्य विभाग की टीम ने इसके अलावा दूध, घी, तेल की दुकानों पर छापा मार कर उनके नमूने लिये और उन्हें जांच के लिये प्रयोगशाला भेजा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सलिल कुमार और दिनेश चन्द कल शाम अपने विभाग की टीम के साथ गोविंदनगर मावा मंडी पहुंचे। जांच टीम को देखते ही वहां मौजूद मावा व्यापारी अपना मावा छोड़कर वहां से भाग गये। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने व्यापारियों का करीब दो क्विंटल मावा जब्त कर लिया जो पहली नजर में देखने में मिलावटी लगता है।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस मावे के नमूने जांच के लिये प्रयोगशाला भेज दिये गये हैं और अगर कोई व्यापारी इस मावे को लेने नहीं आता है तो इसे नष्ट कर दिया जायेगा।
बाद में खाद्य विभाग की टीम ने किदवईनगर, रावतपुर, शिवराजपुर, नौबस्ता आदि इलाकों की करीब एक दर्जन दूध, घी तेल और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिये और उन्हें जांच के लिये प्रयोगशाला भेजा। इसके अलावा शहर की कई मिठाई की दुकानों में मिठाई के नमूने भी लिये गये। खाद्य विभाग यह छापेमारी अभियान होली तक जारी रखेगा।