सीवान: बिहार के सीवान में बहुचर्चित पत्रकार राजदेव रंजन हत्याकांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुरू कर दी है। बिहार पुलिस ने शनिवार को इस मामले से जुड़े सारे दस्तावेज सीबीआई को सौंप दिए। CBI की टीम इस मामले की जांच लिए सीवान में ही कैंप कर रही है। टीम में CBI के 8 अधिकारी शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह टीम इस मामले की प्राथमिक जांच रिपोर्ट सोमवार को सीबीआई मुख्यालय भेजेगी।
सीवान जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि CBI ने पत्रकार राजेदव हत्याकांड की जांच शुरू कर दी है। शनिवार को सीवान पुलिस ने इस हत्या से जुड़े सभी दस्तावेज CBI टीम को सौंप दी है। CBI सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई के सदस्य पुलिस और अन्य संबंधित लोगों से इस मामले में जानकारी हासिल कर रही है। सीवान में अपराधियों ने 13 मई, 2016 की शाम सीवान के व्यस्त इलाके स्टेशन रोड में एक दैनिक अखबार के पत्रकार राजदेव रंजन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। अज्ञात अपराधी दो मोटरसाइकल पर सवार होकर आए थे और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए थे।
इस मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने एक विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया था, जिसमें पुलिस उपाधीक्षक स्तर के 2 अधिकारी और पुलिस निरीक्षक स्तर के 3 अधिकारी शामिल थे। इस मामले में हाल ही में जमानत पर रिहा राजद के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन का नाम आया है। इसके बाद राज्य सरकार ने इस मामले की जांच CBI से कराने की सिफारिश की थी।
हिस्ट्रीशीटर शहाबुद्दीन हाल ही में 11 साल बाद जेल से छूटे हैं। राजनीतिशास्त्र में एमए, पीएचडी की डिग्री रखने वाले शहाबुद्दीन ने कालेज के जमाने में 1986 में ही अपराध की दुनिया में कदम रखा था। सामाजिक कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने शुक्रवार को सर्वोच्च न्यायालय में पटना हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए एक याचिका दायर की है।