1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तेज बारिश से हिमाचल में जनजीवन प्रभावित, राजमार्ग बाधित

तेज बारिश से हिमाचल में जनजीवन प्रभावित, राजमार्ग बाधित

 Written By: IANS
 Published : Aug 01, 2016 03:41 pm IST,  Updated : Aug 01, 2016 03:42 pm IST

शिमला: हिमाचल प्रदेश में सोमवार को भी सामान्य से तेज बारिश जारी रही। कई जगहों पर भूस्खलन की खबर है और दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि राज्य में

hiamchal pradesh- India TV Hindi
hiamchal pradesh

शिमला: हिमाचल प्रदेश में सोमवार को भी सामान्य से तेज बारिश जारी रही। कई जगहों पर भूस्खलन की खबर है और दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि राज्य में सभी नदियां उफान पर हैं। मंडी जिले में हंगोई मंदिर के पास भूस्खलन की वजह से बंद हुआ चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग-21 छह घंटों के बाद सोमवार को आंशिक रूप से खोल दिया गया।

इसी तरह राजधानी शिमला से 120 किलोमीटर दूर रामपुर कस्बे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-5 तीन घंटे तक बंद रहने के बाद फिर से खोल दिया गया। सड़क खुलवाने का काम देख रहे राजस्व अधिकारी हीराचंद ने आईएएनएस को फोन पर बताया कि मनाली की तरफ जाने वाली गाड़ियों को मंडी-कोटा-बजौरा की तरफ मोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि औत में हंगोई मंदिर के पास ट्रक पर मलबा गिरने से दो लोग घायल हो गए।

भूस्खलन की वजह से नाहन और राजधानी शिमला को जोड़ने वाला राजमार्ग रविवार की रात से बंद है। शिमला की तरफ जाने वाले यातायात को चंड़ीगढ़ की तरफ मोड़ा गया है। शिमला के अंदरूनी हिस्सों, सिरमौर, मंडी और कुल्लू जिलों में कई सड़कें भी बंद हैं। इससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि सतलज, व्यास और यमुना और उनकी सहायक नदियां किन्नौर, शिमला, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर और सिरमौर जिले में उफान पर हैं।

मौसम कार्यालय के मुताबिक मंगलवार तक राज्य के कुछ जगहों पर भारी से बहुत ज्यादा भारी बारिश हो सकती है। दो-तीनों के बाद बारिश में कमी आएगी। शिमला और कसौली कस्बे में क्रमश: 76 और 89 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है।

राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 16.2 और कल्पा में 14 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम कार्यालय के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा राज्य में कई जगहों पर कोहरे और बादलों के नीचे आने की वजह से दृश्यता में कमी दर्ज की गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत