1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. समाजवादी अखाड़े में दंगल जारी, कल उम्मीदवारों का मन टटोलेंगे मुलायम

समाजवादी अखाड़े में दंगल जारी, कल उम्मीदवारों का मन टटोलेंगे मुलायम

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 30, 2016 04:29 pm IST,  Updated : Dec 30, 2016 05:10 pm IST

उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी कुनबे में छिड़े दंगल और वर्चस्व की लड़ाई के चरम पर पहुंचने के बाद अब बैठकों का सिलसिला फिर शुरू हो गया है। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने अपने घोषित प्रत्याशियों की शनिवार को बैठक बुलायी है।

Mulayam singh- India TV Hindi
Mulayam singh Image Source : PTI

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी कुनबे में छिड़े दंगल और वर्चस्व की लड़ाई के चरम पर पहुंचने के बाद अब बैठकों का सिलसिला फिर शुरू हो गया है। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने अपने घोषित प्रत्याशियों की शनिवार को बैठक बुलायी है। 

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा बगावती तेवर अपनाते हुए 235 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की समानान्तर सूची जारी किये जाने से पैदा सूरत-ए-हाल के बीच समाजवादी पार्टी के प्रान्तीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को फिर पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की। 

शिवपाल खेमे के सूत्रों के मुताबिक कल रात आपसी मुलाकात के बाद पार्टी प्रदेश अध्यक्ष आज एक बार फिर सपा मुखिया से मिलने पहुंचे। करीब पौन घंटे तक चली इस मुलाकात के बारे में कोई भी आधिकारिक ब्योरा नहीं मिला है। 

बहरहाल, परिवार के अखाडे़ में जारी दंगल के बीच सपा मुखिया मुलायम ने अपने द्वारा गत बुधवार को जारी सूची में घोषित पार्टी प्रत्याशियों की कल पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर बैठक बुलायी है। पार्टी में जारी उठापटक के मद्देनजर यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। माना जा रहा है कि मुलायम इस बैठक में प्रत्याशियों के रख को भांपने की कोशिश करेंगे।

​पढ़ें: अखिलेश की बगावत के बाद 68 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी

इस बीच, सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां ने पार्टी में जारी उठापटक पर निहायत अफसोस जाहिर करते हुए रामपुर में कहा कि रिश्तों के बिगाड़ ने प्रदेश का मुकद्दर बिगाड़ दिया। आज जो हो रहा है, उसे इतिहास में एक बदनुमा अध्याय के तौर पर लिखा जाएगा। 

नगर विकास मंत्री ने कहा कि सपा में झगड़ा होने पर भाजपा में जश्न मनाया जा रहा है। किसी का नाम लिये बगैर उन्होंने कहा कि तालाब की एक गंदी मछली पूरे तालाब को गंदा करती है। विचार और व्यक्ति की गंदगी ने मिलकर यूपी को बरबादी की कगार पर खड़ा कर दिया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत