अहमदाबाद: एक एनआरआई जोड़े के खिलाफ एक बच्चे की हत्या का मामला दर्ज किया गया है जिसे उन्होंने वर्ष 2015 में गोद लिया था। पुलिस ने बताया कि बच्चे की 1.20 करोड़ रूपये की बीमा राशि लेने के लिए एनआरआई जोड़े ने उसे मरवा डाला। आरती लोकनाथ :53: और उसके पति कंवलजीत सिंह रायजादा :28: फिलहाल लंदन में रह रहे हैं। केशोद पुलिस इंस्पेक्टर अशोक तिलवा ने बताया कि दोनों के खिलाफ 13 वर्षीय गोपाल की हत्या की साजिश का हिस्सा होने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
तिलवा ने बताया कि आरती और कंवलजीत ने नीतीश मुंद के साथ मिल कर 13 वर्षीय गोपाल को गोद लेने की साजिश रची। उन्होंने बच्चे का बीमा कराया और फिर उसे मार डाला ताकि वह बीमा राशि ले सकें। वीजा एक्सपायर होने से पहले नीतीश भी लंदन में रहता था। तीनों ने मिल कर वर्ष 2015 में गोपाल को गोद लेने के बाद मारने की साजिश रची थी। नीतीश को हत्या के सिलसिले में कल गिरफ्तार किया गया जिसके बाद आरती और कंवलजीत की भूमिका का पता चला।
गोपाल की कल राजकोट अस्पताल में मौत हो गई। उस पर आठ फरवरी की रात को जूनागढ़ जिले के केशोद में दो अग्यात मोटरसाइकिल सवारों ने चाकू से हमला किया था। तिलवा ने बताया कि गोपाल नीतीश के साथ राजकोट से मालिया लौट रहा था। आरती और उसका पति लंदन में रहते हैं।