1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ‘पाकिस्तान ने जो आतंकी समूह बनाए, अब यह राक्षस उसे ही खा रहा है’

‘पाकिस्तान ने जो आतंकी समूह बनाए, अब यह राक्षस उसे ही खा रहा है’

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 02, 2017 07:21 am IST,  Updated : Mar 02, 2017 07:21 am IST

नयी दिल्ली: जिनीवा स्थित संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि ने कहा कि पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ आतंकवादी समूह तैयार किए और अब आतंकवाद का यह राक्षस अपने जन्मदाता को ही खा रहा

Nawaz Sharif- India TV Hindi
Nawaz Sharif

नयी दिल्ली: जिनीवा स्थित संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि ने कहा कि पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ आतंकवादी समूह तैयार किए और अब आतंकवाद का यह राक्षस अपने जन्मदाता को ही खा रहा है। मानवाधिकार परिषद के 34वें सत्र को संबोधित करते हुए भारतीय प्रतिनिधि अजीत कुमार ने जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ और सीमापार आतंकवाद को बढ़ावा देकर तथा हिंसा उकसाकर एवं उसका महिमामंडन करके हालात को अस्थिर करने के लिए पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा।

आतंकवाद को मानवाधिकार का घोर हनन करार देते हुए कुमार ने कहा कि सभी सदस्य एक देश की विडंबना को स्वीकार करेंगे जिसने मानवाधिकारों की आड़ में रहकर आतंकवाद का वैश्विक केंद्र होने की प्रतिष्ठा हासिल की है। उन्होंने कहा, पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ आतंकी समूह बनाए। यह राक्षस अब अपने जन्मदाता को ही खा रहा है। भारतीय राजदूत ने कहा कि दुनिया के सबसे वांछित आतंकवदियों ने पाकिस्तान में सहायता और सहारा पा लिया है।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में अशांति की बुनियादी वजह वह सीमापार आतंकवाद है जिसे पाकिस्तान ने मदद दी है और उकसाया है। कुमार ने कहा कि पाकिस्तान कई वर्षों से जम्मू-कश्मीर में हालात को अस्थिर करने के लिए गहन अभियान चलाता आ रहा है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और वहां के हालात देश का आंतरिक मामला हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत