उरी: भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में घुसपैठ की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। उरी सेक्टर के लच्छीपुरा में सेना ने 10 आतंकियों को मार गिराया है। बताया जा रहा है कि मारे गए आतंकियों की संख्या इससे भी ज्यादा हो सकती है। 15 आतंकियों ने सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश की जिसके जवाब में भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई की और आतंकियों को ढेर कर दिया।
वहीं मंगलवार शाम को नॉर्थ कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के नौगाम में आतंकियों और सेना के बीच एनकाउंटर हुआ। काफी देर तक सेना के जवानों और आतंकियों के बीच गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी में एक जवान शहीद हो गया।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को दोपहर में जम्मू एवं कश्मीर के उरी में भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की। भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की और सीजफायर उल्लंघन का गोलियों से जवाब दिया।
सेना के एक अधिकारी ने बताया, पाकिस्तानी जवानों ने आज दोपहर में अकारण ही उरी सेक्टर में भारतीय मोर्चों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की। उन्होंने कहा कि नियंत्रण रेखा के उस पार से दोपहर में एक बजकर 10 मिनट से एक बजकर 30 मिनट तक गोलीबारी की गई।
सूत्र के मुताबिक, "पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा (LOC) के पार से छोटे और स्वचालित हथियारों से भारी गोलीबारी की। यह गोलीबारी उरी में सेना के शिविर पर भीषण आतंकवादी हमले के दो दिनों बाद की गई। गोलीबारी अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर भारत और पाकिस्तान के बीच 2003 के संघर्ष विराम करार का उल्लंघन है।
गौरतलब है कि रविवार को उरी के सैन्य शिविर में हुए आतंकवादी हमले में 18 जवान शहीद हो गए। सेना की ओर से चलाए गए अभियान में चार आतंकवादियों को भी मार गिराया गया था। इधर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलवार को जम्मू एवं कश्मीर के उरी के सैन्य शिविर में हुए आतंकवादी हमले की जांच की जिम्मेदारी संभाल ली है।