नई दिल्ली: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद यहां से एक दिलचस्प मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अब राज्य के चूहे भी शराब के शौकीन हो गये हैं। जी हां, बिहार पुलिस के एसएचओ का तो यही दावा है। यहां के एक पुलिस स्टेशन में मालखाने में रखी जब्त की गई शराब के स्टॉक के गायब होने पर जब पूछताछ हुई तो पुलिस ने चूहों पर ऐसा आरोप लगाया है। (अगले राष्ट्रपति के लिए द्रौपदी मुर्मू के नाम की हो रही है चर्चा.....)
दरअसल बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बाद पुलिस द्वारा जब्त की गई करीब 9 लाख लीटर से अधिक देसी-विदेशी शराब थानों के मालखानों से गायब हो गई है। पुलिस मुख्यालय के सूत्र बताते हैं कि गत मार्च में मुख्यालय ने राज्य के सभी 40 पुलिस जिलों के एसपी से थानों के मालखानों में रखी गई शराब की बोतलों के संबंध में अद्यतन जानकारी मांगी थी।
हालांकि, इस संबंध में कई जिलों ने अबतक मुख्यालय को जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है। लेकिन, जिन जिलों से यह जानकारी प्राप्त भी हुई तो उसमें बताया गया कि शराब की अधिकतर बोतलें तो मालखानों तक पहुंचने से पहले ही नष्ट हो गईं। जो बोतलें मालखानों तक सुरक्षित पहुंची भी तो उनमें रखी शराब मालखानों के चूहों ने गटक लिया।
लेकिन जब पटना के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मनु महाराज ने इस दावे की जांच करने के लिये कल रात अचानक औचक निरीक्षण के लिए पुलिस लाइन पहुंचे तो अपराधी इंसान ही निकले। पुलिस ने बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष और एक सदस्य को शराब सेवन करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मनु महाराज ने बताया कि पुलिस टीम ने एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्मल सिंह और एक अन्य सदस्य शमशेर सिंह को पुलिस लाइन में शराब पीते गिरफ्तार कर लिया। दोनों को उत्पाद विभाग के विशेष न्यायाधीश रविंद्र नाथ त्रिपाठी के समक्ष पेश किया गया और उन्हें नए मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 के तहत आगामी 18 मई तक के लिए न्यायिक हिरासत में बेउर जेल भेज दिया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) एसके सिंघल ने बताया कि पटना क्षेत्र के पुलिस महानिदेशक को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मुख्यालय द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पिछले 13 महीने के दौरान 9.15 लाख लीटर देशी और विदेशी शराब जब्त की गई और पुलिस क्राईम मीटिंग के दौरान यह बात सामने आई कि इसमें से एक बड़ा हिस्सा पुलिस थाने लाने के क्रम में बर्बाद हो गया, जबकि उतनी ही बड़ी मात्रा को चूहे पुलिस मालखाना में हजम कर गए।
पटना क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक नय्यर हसनैन खान ने बताया कि उन्होंने पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पुलिस मालखाने से इसका भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है। बिहार में करीब 1,053 पुलिस थाने हैं। उल्लेखनीय है कि नीतीश सरकार ने गत वर्ष अप्रैल महीने से प्रदेश में पूर्णशराबबंदी लागू की थी और इसे लागू करने के लिए पुलिस एवं मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया है।
ये भी पढ़ें: यहां जलती चिताओं के पास आखिर क्यों पूरी रात नाचती हैं सेक्स वर्कर?
लड़की ने शादी के लिए दिया ऐसा 'विज्ञापन', देख हैरान रह जाएंगे आप
दिलचस्प है IAS और विधायक की लव स्टोरी, जल्द करेंगे शादी