नयी दिल्ली: भारी बर्फबारी के चलते कश्मीर घाटी देश के बाकी हिस्सों से कट गई है और इससे जम्मू कश्मीर में आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने जम्मू कश्मीर और इसके पड़ोसी हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हिमस्खलन होने की आशंका के साथ एक मध्यम खतरे की चेतावनी जारी की गई है।
राष्ट्रीय राजधानी में आज आसमान साफ रहा, लेकिन कल तड़के हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि पिछले कुछ दिन के मुकाबले आज कोहरे की स्थिति में काफी सुधार रहा, इसके बावजूद कोहरे की वजह से 70 ट्रेनें विलंब से चल रही हैं।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, दिल्ली के कुछ इलाकों में आज रात या कल तड़के हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा, अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से पांच डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा जोकि सामान्य से चार डिग्री अधिक है।
कश्मीर घाटी में इस सीजन की सबसे भारी बर्फबारी होने से जम्मू कश्मीर में आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर परिचालन निलंबित कर दिया गया और आज के लिए सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं। इसी तरह, श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को खराब मौसम के चलते यातायात के लिए बंद कर दिया गया है जिससे यह घाटी देश के बाकी हिस्से से एक तरह से कट गई। कश्मीर विश्वविद्यालय ने कल और परसों होने वाली सभी परीक्षाओं को टाल दिया है।