1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. प्रकाश पर्व में मंच पर लालू को नहीं बिठाने पर RJD, कांग्रेस ने जताया विरोध

प्रकाश पर्व में मंच पर लालू को नहीं बिठाने पर RJD, कांग्रेस ने जताया विरोध

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 06, 2017 08:49 pm IST,  Updated : Jan 06, 2017 10:03 pm IST

प्रकाश पर्व के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई अन्य गणमान्य हस्तियों के साथ मंच पर RJD प्रमुख लालू प्रसाद को जगह नहीं मिलने के मुद्दे पर राजद और कांग्रेस ने विरोध जताया है।

Lalu Prasad- India TV Hindi
Lalu Prasad Image Source : PTI

पटना: प्रकाश पर्व के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई अन्य गणमान्य हस्तियों के साथ मंच पर RJD प्रमुख लालू प्रसाद को जगह नहीं मिलने के मुद्दे पर राजद और कांग्रेस ने विरोध जताया है। राजद उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने इस मामले पर पार्टी की ओर से शिकायत सामने रखी। 

(देश-विदेश की खबरें जानने के लिए यहां क्लिक करें)

सिखों के 10वें गुरू गुरू गोविंद सिंह की 350वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को आयोजित प्रकाश पर्व के लिए इंतजाम बिहार सरकार की ओर से किए गए थे। बिहार की मौजूदा महागठबंधन सरकार में राजद और कांग्रेस साझेदार हैं। रघुवंश प्रसाद ने बताया, 'ऐसा नहीं लग रहा था कि गुरू गोविंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व के लिए इंतजाम महागठबंधन की सरकार ने किए थे । बल्कि ऐसा लग रहा था कि सत्ता में शामिल किसी एक पार्टी ने ये इंतजाम किए हों।'

PM मोदी और CM नीतीश जब मंच पर मिले तो लालू ने क्या किया, देखिए तस्वीरें

उन्होंने कहा, 'यह लालू को मंच पर जगह नहीं देना लोगों को पसंद नहीं आया है। लालू प्रसाद को मंच के नीचे बिठाया गया। भव्य तैयारियों के लिए सभी ने नीतीश कुमार की तारीफ की। प्रकाश पर्व समारोह की तैयारियों के प्रबंधन में क्या राजद की भागीदारी नहीं थी ?' नीतीश पर एक और निशाना साधते हुए रघुवंश ने कहा, 'एक ही शख्स था जिसने सारे इंतजामों का श्रेय लेने के लिए तस्वीरें खिंचवाई।'

लालू और बिहार सरकार में मंत्री पद संभाल रहे उनके दोनों बेटे तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव समारोह के दौरान अन्य लोगों के साथ वीआईपी गैलरी में बैठे थे। नीतीश ने दो केंद्रीय मंत्रियों रविशंकर प्रसाद और राम विलास पासवान और बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद सहित प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंच साझा किया। 

कांग्रेस ने भी मंच पर लालू को नहीं बिठाने को लेकर नाखुशी जाहिर की और इसका ठीकरा प्रधानमंत्री कार्यालय पीएमओ एवं भाजपा पर फोड़ा। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और नीतीश की सरकार में शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, 'पीएमओ और भाजपा के निर्देश पर मंच पर लालू प्रसाद को जगह नहीं दी गई।' चौधरी ने कहा, 'हर कोई जानता है कि किसी समारोह में प्रधानमंत्री के साथ मंच पर कौन बैठेगा, इस बाबत एसपीजी को पीएमओ निर्देशित करता है। यह मुद्दा प्रधानमंत्री के सामने उठाया जाना चाहिए कि लालू प्रसाद को मंच पर सीट क्यों नहीं दी गई।' 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत