नई दिल्ली। मेटल और पावर स्टॉक में अच्छी खरीदारी के चलते भारतीय शेयर बाजार गिरावट से उबरकर शुक्रवार को हरे निशान पर बंद होने में सफल रहे। कंपनियों के बेहतर वित्तीय परिणामों और चालू मानसून सत्र में जीएसटी के पास होने की उम्मीदों ने भी बाजार को तेजी प्रदान की। सभी बाजारों में अच्छी खरीदारी से भी बाजार खरीदारी को बल मिला। मिडकैप और स्मालकैप क्रमश: 1 फीसदी और 0.8 फीसदी तेजी के साथ बंद हुए।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 92.72 अंक उछलकर 27803.24 अंक पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों पर आधारित सूचकांक निफ्टी 31.1 अंक चढ़कर 8541.2 अंक पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स ने 27832.45 अंक का इंट्राडे हाई और 27646.21 का इंट्राडे लो छुआ, जबकि एनएसई निफ्टी ने 8548.95 से 8489.8 के दायरे में कारोबार किया।
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में शुद्ध मुनाफा चार गुना बढ़कर 236 करोड़ रुपए होने से भारत फाइनेंशियल इनक्लूजन का शेयर 10 फीसदी उछाल के साथ अपने 52 हफ्तों के उच्च स्तर पर पहुंच गया। बायकॉन का शेयर 15 फीसदी तेजी के साथ 52 हफ्तों के उच्च स्तर पर पहुंचा। बीएसई पर लाभ में रहने वाली कंपनियों में टाटा मोटर्स लिमिटेड, पावर ग्रिड, हाउसिंग फाइनेंस कॉरपोरेशन, लार्सन एंड टूब्रो, एनटीपीसी शामिल हैं। वहीं बजाज ऑटो, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, कोल इंडिया, हिंदुस्तान यूनीलिवर, विप्रो के शेयर नुकसान में रहे। सेक्टर की बात करें तो पावर और मेटल स्टॉक सबसे ज्यादा फायदे में रहे, पावर सेक्टर 1.41 और मेटल सेक्टर 1.34 फीसदी तेजी के साथ बंद हुए।