1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सोना हो गया और सस्ता, ₹1200 घटे दाम, इतना रहा आज भाव, जानें चांदी की कीमत का हाल

सोना हो गया और सस्ता, ₹1200 घटे दाम, इतना रहा आज भाव, जानें चांदी की कीमत का हाल

 Edited By: Sourabha Suman
 Published : Nov 04, 2025 05:38 pm IST,  Updated : Nov 04, 2025 05:38 pm IST

सोने के साथ ही चांदी में भी तेज बिकवाली देखी गई। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों ने अगले महीने और अधिक दर कटौती की संभावना को खारिज कर दिया, जिससे निवेशकों का ध्यान सोने से हटकर अन्य सुरक्षित निवेशों की ओर गया।

स्टोर पर कस्टमर्स को जूलरी दिखाते कर्मचारी।- India TV Hindi
स्टोर पर कस्टमर्स को जूलरी दिखाते कर्मचारी। Image Source : PTI

अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावना को खारिज करने वाले कड़े बयानों के कारण मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। सोने की कीमतों में ₹1,200 प्रति 10 ग्राम की बड़ी गिरावट आई। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,200 रुपये घटकर 10 ग्राम पर 1,23,500 रुपये (सभी करों सहित) हो गई, जो लगातार दूसरे सत्र में गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को इसकी कीमत 1,24,700 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। स्थानीय बुलियन बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत पिछले सत्र में 1,25,300 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।

चांदी की कीमतों पर भी असर

सोने के साथ ही चांदी में भी तेज बिकवाली देखी गई। चांदी की कीमतों में ₹2,500 प्रति किलोग्राम की गिरावट आई। सोमवार को चांदी की कीमत ₹1,54,000 प्रति किलोग्राम थी जो मंगलवार को घटकर ₹1,51,500 प्रति किलोग्राम (करों सहित) हो गई।

गिरावट के मुख्य कारण

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर कमोडिटी एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कीमतों में गिरावट का कारण बताते हुए कहा:

अमेरिकी डॉलर की मजबूती: डॉलर इंडेक्स 0.12 प्रतिशत बढ़कर 99.99 पर पहुंच गया, जो पिछले तीन महीनों का उच्चतम स्तर है। मजबूत डॉलर कीमती धातुओं को महंगा बनाता है, जिससे मांग घटती है।

फेड की सख्त टिप्पणियां: अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों ने अगले महीने और अधिक दर कटौती की संभावना को खारिज कर दिया, जिससे निवेशकों का ध्यान सोने से हटकर अन्य सुरक्षित निवेशों की ओर गया।

आगे क्या?

कोटक सिक्योरिटीज की कायनात चेनवाला के अनुसार, अब बाजार का ध्यान आगामी ADP रोजगार और ISM PMI डेटा पर रहेगा। साथ ही, सुरक्षित आश्रय की मांग में कमी और चीन द्वारा गोल्ड टैक्स इंसेंटिव्स वापस लेने की खबरें भी बाजार की भावना को प्रभावित कर सकती हैं। विदेशी बाजारों में भी गिरावट जारी रही, जहां स्पॉट गोल्ड की कीमत 0.2 प्रतिशत गिरकर $3,993.65 प्रति औंस हो गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा