1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बैग में बच्चे को छिपाकर ले जा रही थी महिला, रेलवे स्टेशन पर लोगों ने पकड़ा

बैग में बच्चे को छिपाकर ले जा रही थी महिला, रेलवे स्टेशन पर लोगों ने पकड़ा

 Published : Jun 26, 2024 04:19 pm IST,  Updated : Jun 26, 2024 04:19 pm IST

उत्तर 24 परगना के बिराती रेलवे स्टेशन पर उस समय हंगामे की स्थिति पैदा हो गई जब कुछ लोगों ने एक महिाल को बैग में बंद बच्चे के साथ पकड़ लिया और उसके ऊपर अपहरण का आरोप लगाया।

Birati Station, Birati Station Child, Birati Station Bag Child- India TV Hindi
यात्रियों ने स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। Image Source : IANS

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिले के बिराती रेलवे स्टेशन पर अपने बैग में बच्चा छिपाकर ले जा रही एक महिला को कुछ यात्रियों ने पकड़ लिया। बैग में बच्चे के साथ महिला के पकड़े जाने के बाद स्टेशन पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। इस मामले में इलाके के लोगों और यात्रियों ने महिला पर बच्चे के अपहरण का आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि महिला ने मौके से भागने की भी कोशिश की थी लेकिन नाकाम रही।

ट्रेन में लोगों ने बैग में बच्चे को छिपा हुआ देखा

यात्रियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने उत्तर 24 परगना के बनगांव डिवीजन के दत्तपुकुर से सियालदह जा रही लोकल ट्रेन में महिला के बैग में बच्चे को छिपा हुआ देखा। उन्होंने कहा कि ट्रेन के बिराती स्टेशन पहुंचने पर लोगों ने महिला को पकड़ लिया और उसे बच्चे के साथ रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया। यात्रियों ने पुलिस और मीडिया को बताया कि महिला की बॉडी लैंग्वेज संदिग्ध लग रही थी, जिससे उनका शक और भी बढ़ गया। उन्होंने बताया कि महिला ने डिब्बे में यात्रा कर रहे यात्रियों के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया और मौके से भागने की कोशिश की।

‘बच्चे को छोड़कर की भागने की कोशिश’

एक यात्री ने घटना के बारे में बताते हुए कहा, ‘जैसे ही ट्रेन बिराती स्टेशन पहुंची, उसने बच्चे को छोड़कर भागने की कोशिश की। लेकिन हमने उसे काबू में कर लिया और रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया।’ वहीं, इस मामले की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने प्रदर्शन करते हुए रेलवे ट्रैक को भी जाम कर दिया, जिससे हंगामा और बढ़ गया। हालांकि, पुलिस ने मौके पर हस्तक्षेप किया जिसके बाद लोगों ने अपना विरोध वापस ले लिया और आखिरकार हालात सामान्य हो गए। (IANS)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।