1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सीएम नीतीश कुमार ने राजगीर में नए रोपवे का किया लोकार्पण, शांति स्तूप में की पूजा-अर्चना

सीएम नीतीश कुमार ने राजगीर में नए रोपवे का किया लोकार्पण, शांति स्तूप में की पूजा-अर्चना

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 27, 2021 07:32 am IST,  Updated : Mar 27, 2021 02:28 pm IST

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को अपने गृहजिला नालंदा का दौरा किया और पर्यटक स्थल के रूप में चर्चित राजगीर के रत्नागिरी पर्वत स्थित नवनिर्मित केबिन रोपवे का लोकर्पण किया।

सीएम नीतीश कुमार ने राजगीर में नए रोपवे का किया लोकार्पण, शांति स्तूप में की पूजा-अर्चना- India TV Hindi
सीएम नीतीश कुमार ने राजगीर में नए रोपवे का किया लोकार्पण, शांति स्तूप में की पूजा-अर्चना Image Source : PTI

राजगीर:बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को अपने गृहजिला नालंदा का दौरा किया और पर्यटक स्थल के रूप में चर्चित राजगीर के रत्नागिरी पर्वत स्थित नवनिर्मित केबिन रोपवे का लोकर्पण किया। इस क्रम में मुख्यमंत्री भी रोपवे केबिन पर सवार होकर शांति स्तूप गए। मुख्यमंत्री राजगीर में रत्नागिरि पर्वत स्थित 8 सीट वाले नवनिर्मित केबिन रोपवे (आकाशीय रज्जू मार्ग) का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर लोकार्पण किया। नवनिर्मित रोपवे में कुल 20 केबिन लगाये गए हैं, जिससे एक घंटे में 800 लोग सफर कर सकेंगे।

लोकार्पण के पश्चात केबिन रोपवे के माध्यम से विश्व शांति स्तूप में जाकर मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना की। विश्व शांति स्तूप के प्रमुख बौद्घ भिक्षु टी ओकोनेगी ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। विश्व शांति स्तूप प्रांगण से मुख्यमंत्री ने गृद्घकूट पर्वत का अवलोकन किया। इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बिहार में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसी क्रम में आज बिहार में पर्यटकों के लिए दो बड़ी सौगात मिली है।

राजगीर के 'नेचर सफारी' एवं रत्नागिरी पर्वत पर स्थित नवनिर्मित आकाशीय रज्जू मार्ग के लोकार्पण हो जाने से बिहार में पर्यटकों की संख्या में वृद्घि होगी एवं लोग इस खूबसूरत स्थल का आनंद ले सकेंगे।उन्होंने कहा कि रत्नागिरी पर्वत पर स्थित रोपवे पर 8 लोग एक साथ सैर कर सकते हैं, जिसमें सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है।

उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इन दो बड़ी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के उद्घाटन हो जाने से बिहार में देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्घि होगी एवं यह स्थल सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बनेगा। इस मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, पर्यटन मंत्री नारायण प्रसाद, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री नीरज कुमार सिंह, सांसद कौशलेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।

पढ़ें: देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़े, एक दिन में 62,258 नए मामले सामने आए


पढ़ें: जलवायु शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए मोदी को बाइडेन का न्यौता
 

इनपुट-आईएएनएस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।