मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन का कहना है कि जब उनके प्रशंसक यह शिकायत करते हैं कि वह सोशल मीडिया पर उनके संदेशों को नजरअंदाज करते हैं, तो वह परेशान हो जाते हैं। अमिताभ प्रशंसकों को अपना दूसरा परिवार कहते हैं और उन्होंने कहा कि वह अपने सभी प्रशंसकों से बेहद प्यार करते हैं। अमिताभ इस बात का हमेशा ख्याल रखते हैं कि वह संदेशों, ट्विटर, फेसबुक और अपने ब्लॉग के माध्यम से अपने प्रशंसकों से जुड़े रहें। इसलिए वह अपनी व्यस्त दिनचर्या के बावजूद इन मंचों के जरिए प्रशंसकों से बातें करते हैं।
अमिताभ ने अपने आधिकारिक ब्लॉग पर लिखा, "सोशल मीडिया पर प्रशंसकों से जुड़े रहने की कोशिश करता हूं। उनके संदेशों का जवाब देता हूं, ताकि उन्हें पता चले कि मैं उनके संदेश पढ़ता हूं। लेकिन जैसा कि मैंने पहले भी कई बार कहा है कि लैपटॉप पर कई बार यह सब उतना आसान नहीं होता। सबके साथ संपर्क साधना मुश्किल हो जाता है।"
उन्होंने कहा, "कई बार लोग तुरंत जवाब मांगते हैं। मैं ऐसा कैसे कर पाऊंगा, मेरे पास और भी दूसरे काम होते हैं। लेकिन मैं सबके संदेश पढ़ता हूं, उनको पहचानता हूं और सबसे प्यार करता हूं।"