गॉल: रंगना हेरथ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भले टीम इंडिया स्पिनरों को खेलने की अपनी महारत के बखान करती रहे लेकिन सच्चाई इससे एकदम अलग है। हेरथ ने पहले टेस्ट की दूसरी पारी में चौथे दिन वही किया जो अश्विन ने पहली पारी में किया था यानी अकेले दम पर विरोधी का सूपड़ा साफ। हेरथ ने 47 देकर 7 विकेट झटके।
टीम इंडिया को आज जीत के लिए बस 176 रन बनाने थे और उसके पास नौ विकेट बाक़ी थे लेकिन हेरथ ने वो किया जो इसके पहले मुरलीधरन या अजंता मेंडिस ने किया था। हेरथ की फिरकी गेंदबाज़ी के आगे भारतीय बल्लेबाज़ पतझड़ के पत्तों की तरह झड़ गए।
भोजनकाल पर भारत ने पांच विकेट खोकर 76 रन बना लिए थे लेकिन लंच के बाद बाकी पांच विकेट मात्र 36 रन जोड़कर गिर गए।
टीम इंडिया की बल्लेबाज़ी कैसी रही इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि सिर्फ तीन बल्लेबाज़ शिखर धवन(28), रहाणे(36) और मिश्रा(15) ही डबल फिगर तक पहुंच सके।
शुक्रवार को एक विकेट पर 23 रन के स्कोर से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम के शीर्ष बल्लेबाज रंगना हेराथ और थारिंदू कौशल के आगे घुटने टेकते नजर आए।
काफी समय से आउट ऑफ फ़ार्म चल रहे रोहित शर्मा की बल्लेबाज़ी पर लगा ग्रहण दूसरी पारी में भी जारी रहा और 34 के स्कोर पर वह महज़ चार रन बनाकर चलते बने। उन्हें हेरथ ने बोल्ड कर दिया। 11 रन के बाद कप्तान विराट कोहली (3) भी कौशल की बॉल पर सिल्वा को कैच थमा बैठे।
चार विकेट गिरने के बाद सारी उम्मीदें पहली पारी में सेंचुरी बनाने वाले शिखर धवन पर टिकी थी लेकिन 60 के स्कोर पर वह भी कौशल के शिकार बन गए। धवन ने 28 रन बनाए। इसी तरह साहा, जिन्होंने पहली पारी में 60 रन बनाए थे, भी रहाणें का साथ न दे सके और हेरथ ने उन्हें दो के व्यक्तिगत स्कोर पर स्टंप करवा दिया। हरभजन को भी हेरथ ने पगबाध आउट कर दिया।
अश्विन के आउट होने केबाद बस औपचारिकता की रह गई थी जो हेरथ ने कौशल(3) के साथ मिलकर पूरी कर दी।