नई दिल्ली: इन दिनों बॉलीवुड अदाकार प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण हॉलीवुड में नए आयामों को छू रही है। प्रियंका ने अपने अमेरिकी शो ‘क्वांटिको’ से दुनियाभर से प्रशंसा हासिल की है, तो वहीं दीपिका भी अपनी हॉलीवुड फिल्म ‘XXX’ को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। इसके अलावा इरफान खान और अनुपम खेर जैसे कई भारतीय कलाकारों ने हॉलीवुड की ओर रुख किया है। ऐसे में अभिनेता बोमन ईरानी का कहना है कि वह हॉलीवुड का रुख तभी करेंगे, जब उन्हें किसी प्रभावशाली भूमिका का प्रस्ताव मिलेगा।
इसे भी पढ़े:-
- दादा बनकर बेहद खुश हैं बोमन ईरानी
- VIDEO: प्रियंका ने जोडी फोस्टर संग नए अंदाज में गाया ब्रिटनी का गाना
बोमन ने कहा, "अगर कोई प्रभावशाली भूमिका मिलेगी, तो मैं जरूर हॉलीवुड में काम करूंगा। किसी भी कलाकार को विभिन्न माध्यमों, विभिन्न प्रकार की अभिनय शैलियों और अभिनय की अलग दुनिया में प्रयोग करना पसंद होता है।" उन्होंने कहा, "अगर कोई प्रभावशाली प्रस्ताव मिलेगा तो जरूर करूंगा। अगर नहीं तो मैं जो कर रहा हूं, उसी में संतुष्ट हूं।"
बॉलीवुड फिल्मों के बारे में बोमन ने कहा, "तीन फिल्मों के प्रस्ताव हैं, लेकिन अभी मैंने उनके लिए हां नहीं की है। इसलिए उनके बारे में बात करना मूर्खता होगी..आपको उनके बारे में जल्द ही पता चल जाएगा।"
बोमन पिछले दिनों फिल्म 'द लिजेंड ऑफ माइकल मिश्रा' में नजर आए थे।