आप ड्राई फ्रूट्स को कैसे खाते हैं? भिगोकर खाते हैं या इन्हें भूनकर खाते हैं। ये सवाल इसलिए क्योंकि खाने का तरीका हर फूड के फायदे को तय करता है। हमारे खाने का तरीका जहां इसे हमारे लिए हेल्दी बना देता है वहीं, एक गलत तरीका इसके फायदों से हमें दूर रख सकता है। ऐसे में ड्राई फ्रूट जो कि इतने महंगे आते हैं उन्हें खाकर इनके लाभों को न पाना, असल में पैसों की बर्बादी है। ऐसे में एक सवाल ये है कि क्या ड्राई फ्रूट्स को भूनकर खाना सही है? जानते हैं इस बारे में विस्तार से।
ड्राई फ्रूट्स को भूनकर खाना सही है या गलत?
ड्राई फ्रूट्स को भूनकर खाना एक अच्छा विकल्प नहीं माना जाता। दरअसल, ड्राई फ्रूट्स में कई प्रकार के फाइबर और मल्टी-न्यूट्रिएंट्स होते हैं, जो भूनने के दौरान उच्च तापमान के संपर्क में आने से अपनी गुणवत्ता खो सकते हैं। इसके अलावा, इनमें जिंक, पोटेशियम और मैग्नीशियम जैसे महत्वपूर्ण ट्रेस मिनरल्स भी होते हैं जो गर्मी से नष्ट हो सकते हैं। इसलिए, अगर आप ड्राई फ्रूट्स को भूनते हैं, तो हो सकता है कि आप उनके असली फायदों से वंचित रह जाएँ। अगर आपको भुने हुए ड्राई फ्रूट्स पसंद हैं या सीधे खाने से वे आपको नहीं पचते, तो आप उन्हें भून सकते हैं, लेकिन तेल या घी का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
ड्राई फ्रूट्स खाने का सबसे सही तरीका क्या है?
ड्राई फ्रूट्स का पूरा पोषण पाने के लिए उन्हें खाने का सबसे सही तरीका है भिगोकर खाना।
-
भिगोकर खाएँ: बादाम, अंजीर, खजूर, और किशमिश जैसे ड्राई फ्रूट्स को रात भर पानी में भिगोकर रखें। सुबह इनका सेवन करने से शरीर को इनके पोषक तत्वों को आसानी से अवशोषित करने में मदद मिलती है। भिगोने से इनकी गर्मी भी कम हो जाती है, जिससे ये शरीर के लिए और फायदेमंद होते हैं।
-
कच्चे खाएँ: अखरोट और पिस्ता जैसे ड्राई फ्रूट्स को आप सीधे भी खा सकते हैं। ये प्राकृतिक रूप से बहुत पौष्टिक होते हैं।
-
दूध के साथ लें: मखाना और छुहारे को दूध में उबालकर खाना एक बेहतरीन तरीका है। यह न सिर्फ इन्हें स्वादिष्ट बनाता है, बल्कि शरीर को इनके पोषक तत्व बेहतर ढंग से मिलते हैं।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)