नई दिल्ली: उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण 70 से अधिक रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं और सात को रद्द कर दिया गया है।
उत्तर रेलवे के एक अधिकारी के अनुसार, नई दिल्ली-कालका शताब्दी एक्सप्रेस, दिल्ली अमृतसर शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस, झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस और निजामुद्दीन-चेन्नई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस समेत 16 रेलगाड़ियों के समय में परिवर्तन किया गया है।
UP में ठंड बढ़ी, बूंदाबांदी के आसार
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, जिससे ठंड में इजाफा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार और रविवार को उप्र के कई हिस्सों में बूंदाबांदी होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उप्र में बूंदाबांदी की स्थिति बन रही है। अगले एक-दो दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल और उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती स्थिति बनी हुई है, जिसके कारण पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है।