1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली में सुबह चलीं सर्द हवाएं, UP में सामान्य स्थिति में पहुंचा पारा

दिल्ली में सुबह चलीं सर्द हवाएं, UP में सामान्य स्थिति में पहुंचा पारा

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jan 17, 2017 11:32 am IST,  Updated : Jan 17, 2017 11:32 am IST

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में आज सुबह सर्द हवाएं चलीं और न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विभाग ने बताया कि आर्द्रता

Delhi Winter- India TV Hindi
Delhi Winter

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में आज सुबह सर्द हवाएं चलीं और न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विभाग ने बताया कि आर्द्रता का स्तर सुबह साढ़े आठ बजे 97 प्रतिशत दर्ज किया गया। विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि सफदरजंग वेधशाला में दृश्यता का स्तर 400 मीटर था जबकि पालम में सुबह साढ़े आठ बजे दृश्यता स्तर 200 मीटर था।

मौसम के कारण रेल यातायात बाधित हुआ है लेकिन राजधानी में घना कोहरा नहीं होने के कारण आईजीआई पर विमान परिचालन सामान्य है। रेल विभाग के एक अधिकारी ने कहा, 27 ट्रेनें कई घंटों की देरी से चल रही हैं जबकि सात के समय में बदलाव किया गया है। तीन ट्रेनों को रद्द किया गया है।

मौसम विभाग ने दिन में आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। उन्होंने कहा, आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिल्ली में कल अधिकतर एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 19.1 एवं 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

उप्र: रातें सर्द, दिन में सामान्य स्थिति में पहुंचा पारा

उत्तर प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से चल रही शीतलहर का दौर अब कम हो गया है। रात में ठंड पड़ रही है, लेकिन दिन में पारा सामान्य स्थिति में पहुंच गया है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार हालांकि, पहाड़ी इलाकों में हुई ताजा बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी भी हो सकती है।

उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार दो दिनों बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, लेकिन बाद में पारा सामान्य हो जाएगा। जम्मू कश्मीर और उससे सटे हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बन रही है।

अधिकारी ने बताया कि मध्य पाकिस्तान और पश्चिमी राजस्थान के ऊपर चक्रवाती स्थिति बनने से एक या दो दिन में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने की उम्मीद है।

लखनऊ के अतिरिक्त बनारस का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, कानपुर का 8.2 डिग्री, बनारस का 10 डिग्री, झांसी का 10.2 डिग्री और इलाहाबाद का 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इधर, मौसम की स्थिति में सुधार होने की वजह से आज से स्कूल खुल जाएंगे। हालांकि, इस दौरान स्कूलों के समय में थोड़ा बदलाव किया गया है। लखनऊ के बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण मणि त्रिपाठी ने स्कूल खोलने के निर्देश जारी किए हैं। लेकिन स्कूल अब नौ बजे की जगह 10 बजे खुलेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत