भोपाल: AIIMS भोपाल में खराब सुविधाओं के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन के बीच केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा पर एम्स भवन से बाहर निकलते वक्त किसी ने स्याही फेंक दी। स्याही एम्स के प्रवेशद्वार पर उस वक्त फेंकी गई जब वह कार में बैठ कर वहां से रवाना हो रहे थे।
बारिश और अफरातफरी के बीच मंत्री के वाहन को छात्र घेरे थे। अज्ञात व्यक्ति द्वारा फेंकी गई स्याही की कुछ बूंदे नड्डा के कुर्ते पर गिरी। AIIMS भोपाल के MBBS तृतीय वर्ष के एक छात्र ने भाषा को बताया कि छात्र बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
छात्र ने दावा किया कि इस दौरान मंत्री जेपी नड्डा के वाहन ने छात्रों के बीच से जबरन निकलने का प्रयास किया, इससे MBBS थर्ड ईयर की दो छात्राएं इजिया पांडे और अंजलि कृष्णा घायल हो गयीं। केरल से ताल्लुक रखने वाले एक छात्र प्रेम ने बताया कि AIIMS के किसी छात्र ने नड्डा पर स्याही नहीं फेंकी।
उसने कहा कि छात्र AIIMS में बुनियादी सुविधाओं की कमियों के प्रति शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। AIIMS में अब तक कोई सर्जरी नहीं हो सकी है। प्रेम ने कहा, हम AIIMS भोपाल में सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिये केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री से चर्चा करना चाहते थे क्योंकि यह संस्थान अपने स्तर के अनुरूप नहीं चल रहा है। यहां मरीजों के उपचार और चिकित्सा शिक्षा के लिये जरूरी न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। AIIMS भोपाल को स्थाई निदेशक तक भी नहीं मिला है।