कानपुर: जम्मू एवं कश्मीर के कुपवाड़ा सेक्टर में आतंकी हमले के दौरान भारतीय सेना के जांबाज शहीद कैप्टन आयुष यादव के पार्थिव शरीर की अंत्येष्टि शनिवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ की गई। जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। भारी भीड़ के बीच कई राजनीतिज्ञों ने भी शहीद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीद यादव का पार्थिव शरीर शुक्रवार को एक विशेष विमान से कानपुर पहुंचा, जिसे सेना के एक वाहन से देर शाम उनके आवास पर ले जाया गया। कुपवाड़ा जिले के पंजगाम गांव में सेना के शिविर पर हमले के दौरान यादव ने आतंकवादियों से मुकाबले में 'अदम्य साहस' दिखाया था। आयुष की अंतिम यात्रा के दौरान सड़क पर लोगों का हुजूम उमड़ा पड़ा। लोग गुलाब की पंखुड़ियों से शहीद कैप्टन को अंतिम विदाई दे रहे थे। वहीं 'जब तक सूरज चांद रहेगा, आयुष तेरा नाम रहेगा' जैसे नारे भी गूंज रहे थे।