नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के एक अधिकारी की हत्या के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद महेश गिरी को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने गिरी पर एनडीएमसी के अधिकारी की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता केजरीवाल ने सोमवार को ट्विटर पर लिखा, "उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए और एम.एम. खान की हत्या में मोदी की पुलिस को उनसे पूछताछ करनी चाहिए। मोदी की पुलिस उन्हें बचा रही है।"
केजरीवाल ने दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग पर भी भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की ओर से गिरी और तंवर को बचाने का आरोप लगाया। वहीं, दिल्ली पुलिस ने अब तक कथित तौर पर कहा है कि उन्हें खान हत्याकांड में गिरी व तंवर के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले हैं। लोकसभा में पूर्वी दिल्ली का प्रतिनिधित्व करने वाले महेश गिरी ने केजरीवाल को उन पर लगे आरोपों को साबित करने के लिए सबूत पेश करने तथा खुली बहस की चुनौती दी है। गिरी रविवार सुबह से केजरीवाल के आवास के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं।