नयी दिल्ली: संसद की कार्यवाही बार-बार बाधित होने पर BJP के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की ओर से लोकसभा में जाहिर की गई नाराजगी के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पूर्व उप-प्रधानमंत्री अपनी पार्टी के भीतर लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए लड़ रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी पर तानाशाही का आरोप लगा चुके राहुल ने ट्वीट किया, ''आडवाणी जी, अपनी पार्टी के भीतर लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए लड़ने पर आपका शुक्रिया।''
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
राहुल गांधी ने यह टिप्पणी तब की जब कुछ ही घंटे पहले आडवाणी ने लोकसभा में नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था, ''मेरा तो मन कर रहा है कि इस्तीफा दे दूं।'' नोटबंदी के मुद्दे पर संसद का शीतकालीन सत्र लगभग पूरी तरह ठप रहने को लेकर आडवाणी ने यह बात कही थी। कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि आडवाणी जी कांग्रेस को नहीं बल्कि साफ तौर पर अपनी पार्टी को फटकार लगा रहे हैं जबकि BJP तोड़-मरोड़कर बता रही है कि वह कांग्रेस की खिंचाई कर रहे हैं।
क्या कहा था आडवाणी ने यहां पढ़ें:-‘संसद हार गई तो बहुत बदनामी होगी, मन कर रहा है कि इस्तीफा दे दूं’
सिंघवी ने कहा, ''आडवाणी जी बेहद वरिष्ठ सांसद हैं और BJP जानबूझकर इन चीजों को तोड़-मरोड़ बता रही है कि उनका गुस्सा और उनका दुख कांग्रेस के खिलाफ है। यह हास्यास्पद है। आडवाणी साफ तौर पर अपनी पार्टी को फटकार लगा रहे हैं। सकारात्मक सबूत वह है जो आपने आज, कल और सोमवार को या किसी और दिन देखा।