अहमदाबाद: बाबा रामदेव की अगुवाई वाली पतंजलि आयुर्वेद की अपनी बिक्री में 10 गुना वृद्धि पर नजर है। रोजमर्रा के उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनी का कारोबार पिछले वित्त वर्ष में 10,561 करोड़ रपये था।
रामदेव ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, हमारा कारोबार पिछले वित्त वर्ष में 10,561 करोड़ रुपये रहा। अब हम अगले पांच साल में एक लाख करोड़ करोड़ रुपये के कारोबार का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। योग गुरू से उद्यमी बने रामदेव ने घोषणा की कि उनकी कंपनी अगले 20 से 25 साल में उतनी ही राशि विभिन्न सामाजिक कार्यों के लिये देगी।
उन्होंने कहा, भारत में काम करने वाली विदेशी कंपनियां परमार्थ कार्यों के लिये कुछ भी नहीं देती जबकि हम अपने लाभ का 100 प्रतिशत समाज की बेहतरी के लिये देते हैं। हमने अगले 20 से 25 साल में शिक्षा समेत परमार्थ कार्यों के लिये एक लाख करोड़ रुपये देने का लक्ष्य रखा है।
गुजरात के लिये योजना के बारे में पूछे जाने पर रामदेव ने कहा कि पतंजलि योगपीठ दूध उत्पादन बढ़ाने के मकसद से राज्य में गो अनुसंधान केंद्र खोल सकता है।