नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद बनाने में जुटी सुरक्षा एजेंसियों और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को कम से कम दो अफगानी आतंकियों की तलाश है। पुलिसवाले इनकी तलाश में साउथ दिल्ली के लाजपत नगर, भोगल और खिड़की एक्सटेंशन में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, इन इलाकों में अफगान पर्यटक और शरणार्थी बड़े पैमाने पर रहते हैं।
दिल्ली में जमीन से आसमान तक सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
आतंकवादी समूहों द्वारा वीवीआईपी पर हवाई हमला किए जाने की आशंका संबंधी खुफिया जानकारियों के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में जमीन से लेकर हवाई क्षेत्र तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर सशस्त्र बलों के हजारों कर्मी कड़ी निगरानी रखेंगे और हवाई हमलों को रोकने के लिए पुलिस ड्रोन भेदी तकनीक प्रयोग कर रही है।
लश्कर कर सकते हैं चार्टर विमानों का इस्तेमाल
हाल में खुफिया जानकारी मिली है कि लश्कर ए तैयबा जैसे आतंकवादी संगठन हमला करने के लिए हेलीकॉप्टर चार्टर सेवाओं और चार्टर विमानों का इस्तेमाल कर सकते हैं जिसके बाद दिल्ली पुलिस के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां कड़ी सतर्कता बरत रही हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि ड्रोन भेदी तकनीक के इस्तेमाल के अलावा सुरक्षा बल उंची इमारतों पर विमान भेदी बंदूकों के साथ तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
फिदायीन हमले के लिए आतंकी कर सकते हैं सुरक्षा बलों की वर्दी का इस्तेमाल
सुरक्षा एजेंसियों को जारी परामर्श के अनुसार आतंकवादी फिदायीन हमले के लिए सुरक्षा बलों की वर्दी का इस्तेमाल कर सकते हैं इसलिए समारोह में तैनात बलों की पहचान करने एवं उनकी तलाशी के लिए उचित प्रबंध किए जाने चाहिए। सुरक्षा एजेंसियों को सचेत किया गया है कि कुछ मुस्लिम अतिवादी संगठन 9:11 की तरह हमला करने का षड़यंत्र रच रहे हैं। खुफिया सूचना के मद्देनजर पुलिस अहम स्थलों पर कड़ी सतर्कता बरत रही है।