नई दिल्ली: बिजली फेल होने के चलते आपरेशनल कंट्रोल सेंटर (OCC) से संपर्क टूटने के बाद गुरुवार को लगातार दूसरे दिन दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन की सेवा प्रभावित रही जिससे लोगों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने में लंबा इंतजार करना पड़ा। मेट्रो स्टेशनों पर भीड़ बढ़ने से यात्री काफी परेशान हुए। इससे डीएमआरसी को अपनी वेबसाइट पर एक वीडियो बयान जारी कर यात्रियों से खेद प्रकट करना पड़ा।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मेट्रो ने इस विलंब का कारण अपने सावधानीपूर्ण दृष्टिकोण को बताया और कहा कि उसने यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहा। विवरण साझा करते हुए डीएमआरसी के मुख्य प्रवक्ता अनुज दयाल ने कहा कि बुधवार की शाम 5:14 बजे और गुरुवार सुबह 11:28 बजे बिजली फेल होने के चलते ओसीसी स्तर पर ब्लू लाइन की सिग्नलिंग और एटीसी प्रणाली का नियंत्रण टूट गया।
दयाल ने कहा, ‘ओसीसी में स्क्रीन गायब हो गई। यह उसी तरह है मानो विमान एटीसी के राडार से गायब हो जाए, लेकिन यह उतना खतरनाक नहीं है क्योंकि इस लाइन पर स्थानीय नियंत्रण केंद्रों को जिनकी संख्या करीब 17 है, वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर लिया गया। हालांकि, इससे चीजों में विलंब हुआ क्योंकि चीजें हाथ से की गईं।’ उन्होंने यात्रियों से क्षमा मांगी और मुश्किलों के बावजूद अनुशासन बनाए रखने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।