1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मुंबई-गोवा हाइवे पर पुल टूटा, यात्रियों से भरी दो बसें बहीं, कई के मरने की आशंका

मुंबई-गोवा हाइवे पर पुल टूटा, यात्रियों से भरी दो बसें बहीं, कई के मरने की आशंका

 Written By: India TV News Desk
 Published : Aug 03, 2016 08:33 am IST,  Updated : Aug 03, 2016 02:02 pm IST

महाराष्ट्र के रायगढ़ में मुंबई-गोवा हाईवे पर एक पुराने पुल के बहने से यात्रियों से भरी महाराष्ट्र परिवहन की दो बसें नदी में बह गई हैं। हादसा बीती रात पौने बारह बजे सावित्री नदी में

Bridge- India TV Hindi
Bridge

महाराष्ट्र के रायगढ़ में मुंबई-गोवा हाईवे पर एक पुराने पुल के बहने से यात्रियों से भरी महाराष्ट्र परिवहन की दो बसें नदी में बह गई हैं और ताज़ा समाचार मिलने तक इस हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। हादसा बीती रात पौने बारह बजे सावित्री नदी में अचानक पानी के बढ़ने से हुआ। तेज बहाव के कारण महद तहसील का पोलादपुर हाईवे ब्रिज का करीब सत्तर फीसदी हिस्सा बह गया। चश्मदीदों के मुताबिक नदी में कुछ और भी गाड़ियां बहने की आशंका है।

एनडीआरएफ के डीजी ने बताया कि राहत कार्य के लिए 50 लोगों की एक टीम मौके पर भेजी गई है। बडे़ स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसमें हेलीकॉप्टर भी शामिल है।

रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक सुवेज हक और जिलाधिकारी ने उस स्थान का दौरा किया जहां पर यह पुल हुआ करता था। अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान बाधित हो गए थे। आज सुबह बचाव अभियान फिर से शुरू कर दिया गया।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

फडणवीस ने कहा, मुंबई-गोवा राजमार्ग पर स्थित पुल के ढहने की घटना के बारे में मैंने रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से बात की है। बचाव कार्य और तात्कालिक उपायों के लिए प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।

रायगढ़ की कलेक्टर शीतल उगले ने बताया कि राज्य परिवहन की दो बसें लापता हैं और उनके चालकों या यात्रियों में से किसी से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। दोनों बसों में 11-11 यात्री सवार थे।

महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की बसें महद डिपो पर अपने तय समय के अनुसार नहीं पहुंचीं, जिसके बाद उगले ने लोगों से अपने लापता रिश्तेदारों की खोज खबर के लिए संबंधित प्रशासनों से संपर्क में रहने की अपील की।

स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब पांच से छह निजी वाहन भी लापता हैं। उन्होंने आशंका जताई कि वे वाहन बाढ़ के पानी में बह गए होंगे।

उगले ने कहा कि लापता वाहनों की खोजबीन के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।

उगले ने कहा, "पुल का निर्माण ब्रिटिशकाल में किया गया था। राष्ट्रीय राजमार्ग प्रशासन से चर्चा करने के बाद हमने यातायात को नजदीकी समानांतर पुल पर स्थानांतरित कर दिया है। हम अन्य वाहनों के लापता होने की खबरों की पुष्टि करने का प्रयास कर रहे हैं।"

पुनर्वास मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि लापता वाहनों की खोजबीन के लिए हेलीकॉप्टर्स और रक्षा बलों की मदद ली जा रही है।

इसी बीच राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की 45 सदस्यीय टीम बचाव अभियान में सहायता करने के लिए पुणे से रायगढ़ पहुंच गई है।

तटीय कोंकण और उत्तरी तथा पश्चिमी महाराष्ट्र में पिछले पांच दिनों से लगातार बारिश जारी है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को हादसे की खबर आधी रात को ही दी गई...जिसके बाद मुख्यमंत्री ने रायगढ़ के एसपी और कलेक्टर से बात की और उन्हें रेस्क्यू और राहत कार्यों के लिए जरूरी निर्देश दिए। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए एनडीआरएफ की टीम भेजी गईं हैं।

इस पुल के पैरलल में एक और नया पुल बना है हालांकि पुराने पुल के बहने के बाद नए पुल से भी ट्रैफिक रोक दिया गया था लेकिन अब इस नए पुल से आवाजाही शुरू हो गई है।

सूचना मिलते ही NDRF राहत कार्य में जुट गई है। इस बीच फ़ायर ब्रिगेड लापता लोगों की तलाश में जुट गई है। एनडीआरएफ के डीजी ओ पी सिंह ने थोड़ी देर पहले इंडिया टीवी को बताया कि मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए 50 मेंबर्स वाली एनडीआरएफ की एक टीम भेजी गईं हैं।

इस बीच गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में बताया कि इस हादसे में दो बसें और चार अन्य वाहन बहे हैं। उन्होंने बताया कि NDRF की चार टीमें और 12 बोट राहत और बचाव कार्य में लगाईं गई हैं। इसके अलावा दो हेलिकाप्टर भी बचाव कार्य में लगाए गए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत