नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के उपहार सिनेमा हादसा मामले में पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई करते हुए गोपाल अंसल को 1 साल की सजा सुनाई है। वहीं इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सुशील अंसल की सजा बढ़ाने से इनकार कर दिया है।
कोर्ट ने गोपाल अंसल को कारावास की शेष सजा पूरी करने के लिए चार सप्ताह में सरेंडर करने को कहा है। गोपाल पहले ही चार महीने की सजा काट चुके हैं। मालूम हो पिछले वर्ष सुप्रीम कोर्ट ने 30-30 करोड़ मुआवजे के बाद अंसल बंधुओं को रिहा कर दिया था।
सीबीआई और पीड़ितों के लिए लड़ने वाली संस्था ने इस मामले पर पुनर्विचार याचिका दायर की थी, जिस पर आज यह फैसला आया। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने गोपाल अंसल की सजा बढ़ा दी वहीं सुशील अंसल की सजा में कोई बदलाव नहीं हुआ। उनकी तबीतय और उम्र के लिहाज से यह फैसला लिया गया।
गौरतलब है कि 1997 में हिंदी फिल्म 'बार्डर' के प्रदर्शन के दौरान हुए इस अग्निकांड में 59 दर्शकों की मृत्यु हो गई थी।