नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत के लिए ईश्वर का उपहार बताने के बाद केन्द्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि मोदी का अर्थ मेकिंग ऑफ डेवेलप्ड इंडिया (विकसित भारत की मेकिंग) है और लोगों को यह महसूस होना शुरू हो गया है। नायडू ने कहा, मोदीजी ने एक मिशन शुरू किया है। सभी समझने लगे हैं कि मोदी का मतलब मेकिंग ऑफ डेवेलप्ड इंडिया है। इसलिए देश की जनता नरेन्द्र मोदी को फॉलो करती है। वह अपनी मन की बात कहते हैं और लोग उसे स्वीकार करते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत के लिए प्रधानमंत्री का आह्वान जन आंदोलन बन गया है। केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री यहां राजपथ पर आयोजित योग कार्यक्रम के दौरान बोल रहे थे। इसका आयोजन योग गुरू बाबा रामदेव के द्वारा किया गया था। रामदेव को सच्चा साधु बताते हुए नायडू ने कहा कि वह युवा पीढ़ी को जिस प्राचीन कला की शिक्षा दे रहे हैं वह छोटी बात नहीं है।
शिवराज भी मोदी को बता चुके हैं देश का उपहार:
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की बुधवार को दिल खोलकर सराहना की और मोदी को देश के लिए ईश्वर का उपहार बताया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारी, निर्वाचित प्रतिनिधियों की कार्यशाला समापन करते हुए चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले दो वर्षो में हर वर्ग की प्रगति के लिए योजनाएं क्रियान्वित की गईं, जिनका सुफल देखने को मिल रहा है और उससे जहां समाज में नया उत्साह दिखाई देती है। वहीं दुनिया में प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व और कृतित्व की सम्मान के साथ चर्चा की जा रही है।