1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राज की रैली पर उद्धव ने कसा तंज, कहा- हिन्दुत्व साबित करने के लिए शिवसेना को झंडा बदलने की जरूरत नहीं

राज की रैली पर उद्धव ने कसा तंज, कहा- हिन्दुत्व साबित करने के लिए शिवसेना को झंडा बदलने की जरूरत नहीं

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 10, 2020 06:59 am IST,  Updated : Feb 10, 2020 06:59 am IST

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को अपने चचेरे भाई और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे पर जमकर निशाना साधा।

Uddhav Thackeray, Uddhav Thackeray MNS Rally, Hindutva, Uddhav Thackeray Hindutva- India TV Hindi
Didn't change my flag, don't have to prove my Hindutva, says Uddhav Thackeray | Facebook/PTI File

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को अपने चचेरे भाई और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे पर जमकर निशाना साधा। उद्धव ने राज ठाकरे पर हमला बोलते हुए कहा कि शिवसेना को अपना हिन्दुत्व साबित करने के लिए झंडा बदलने की जरुरत नहीं है। गौरतलब है कि राज ठाकरे इन दिनों अपनी हिन्दुत्व की राजनीति में नई जान फूंकने के प्रयास में जुटे हैं। उद्धव ने इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी को भी निशाने पर लिया और कहा कि बीजेपी हिन्दुत्व की ‘झंडाबरदार’ नहीं है।

‘मैंने अपनी पार्टी का झंडा नहीं बदला है’

उद्धव ने अपने आवास पर पार्टी विधायकों और जिलाध्यक्षों की बैठक में इन दोनों पर निशाना साधा। शिवसेना के एक पदाधिकारी के अनुसार बैठक में संशोधित नागरिकता कानून (CAA) के संबंध में एक सवाल के जवाब में उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘मुझे मेरे हिन्दुत्व को साबित करने की जरुरत नहीं है, क्योंकि यह दिवंगत बालासाहेब का हिन्दुत्व है। यह शुद्ध है। मैंने अपनी पार्टी का झंडा नहीं बदला है। एक व्यक्ति, एक झंडा, यह तय है। दुनिया को हमारे हिन्दुत्व का ज्ञान है।’

‘ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा’
बता दें कि अपनी हिन्दुत्व की राजनीति में नई जान फूंकने की कोशिश कर रही राज ठाकरे की अगुवाई वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने दोपहर में गिरगांव चौपाटी से आजाद मैदान तक बड़ा जुलूस निकाला। पार्टी ने इस मौके पर अवैध रूप से देश में घुसे पाकिस्तानियों और बांग्लादेशियों को बाहर निकालने की मांग की। मैदान में लोगों को संबोधित करते हुए राज ठाकरे ने कहा, ‘आज से ईंट का जवाब पत्थर से और तलवार का जवाब तलवार से दिया जाएगा।’ हिंदू जिमखाना से मेट्रो जंक्शन तक आयोजित महामोर्चा में ठाकरे ने भी पदयात्रा की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत