1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर, भोपाल व उज्‍जैन में नहीं मिलेगी लॉकडाउन से छूट, प्रदेश के कुछ जिलों में आज से शुरू होंगी आर्थिक गतिविधियां

इंदौर, भोपाल व उज्‍जैन में नहीं मिलेगी लॉकडाउन से छूट, प्रदेश के कुछ जिलों में आज से शुरू होंगी आर्थिक गतिविधियां

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Apr 20, 2020 10:26 am IST,  Updated : Apr 20, 2020 11:02 am IST

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों के निर्माण और मरम्मत, मनरेगा के तहत श्रम कार्य सहित कई गतिविधियां शुरू होने जा रही हैं।

इंदौर, भोपाल व उज्‍जैन में नहीं मिलेगी लॉकडाउन से छूट- India TV Hindi
No relaxation in Bhopal, Indore, Ujjain from coronavirus lockdown

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना वायरस से प्रभावित इन्दौर, भोपाल और उज्जैन जैसे जिलों को छोड़कर कोरोना वायरस से अप्रभावित जिलों में सोमवार से लॉकडाउन में कुछ ढील दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने रविवार रात को प्रदेश की जनता को संबोधित एक वीडियो संदेश में कहा कि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत हम 20 अप्रैल से कुछ आर्थिक गतिविधियां शुरू करने जा रहे हैं।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि सड़कों के निर्माण और मरम्मत, मनरेगा के तहत श्रम कार्य सहित कई गतिविधियां शुरू होने जा रही हैं। चौहान ने कहा कि कृषि और गेंहू की खरीदी से संबंधित कार्य शुरू हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि हमने उद्योगों से कहा है कि वे केंद्र के दिशा-निर्देशों के अनुसार परिचालन फिर से शुरू करें।

मुख्‍यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इंदौर, भोपाल, उज्जैन समेत कोरोना वायरस संक्रमण से अधिक प्रभावित शहरों में फिलहाल कोई छूट नहीं दी जाएगी। प्रदेश के 12 जिलों में कोरोना वायरस के 10 से अधिक मामले सामने आए हैं। मध्यप्रदेश में रविवार दोपहर तक कोरोनो वायरस संक्रमण के कुल 1,407 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें सबसे अधिक इन्दौर में 890 तथा इसके बाद भोपाल में 214 मरीज पाए गए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।