1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Incredible India: अमिताभ बच्चन को बनाया जा सकता है 'अतुल्य भारत' का ब्रांड एंबेसडर

Incredible India: अमिताभ बच्चन को बनाया जा सकता है 'अतुल्य भारत' का ब्रांड एंबेसडर

 Written By: Dharmender Chaudhary
 Published : Jan 08, 2016 12:03 pm IST,  Updated : Jan 08, 2016 12:12 pm IST

पर्यटन मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा, आमिर खान को हटाए जाने के बाद अमिताभ बच्चन पर्यटकों का ध्यान खींचने के लिए मंत्रालय की पहली पसंद होंगे‘।

Incredible India: अमिताभ बच्चन को बनाया जा सकता है ‘अतुल्य भारत’ का ब्रांड एंबेसडर- India TV Hindi
Incredible India: अमिताभ बच्चन को बनाया जा सकता है ‘अतुल्य भारत’ का ब्रांड एंबेसडर

नई दिल्ली। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ‘अतुल्य भारत‘ अभियान के नए ब्रांड एम्बैसेडर बन सकते हैं। पर्यटन मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा, आमिर खान को हटाए जाने के बाद ‘अमिताभ बच्चन पर्यटकों का ध्यान खींचने के लिए मंत्रालय की पहली पसंद होंगे।’ गौरतलब है कि अमिताभ अभी गुजरात पर्यटन के ब्रांड अंबेसेडर हैं।

अमिताभ के अलावा कई नामों पर हो रहा विचार

पर्यटन मंत्रालय के एक सूत्र के मुताबिक, ‘अमिताभ बच्चन मंत्रालय की पहली पसंद होंगे।’ उन्होंने कहा कि अभिनेता अक्षय कुमार, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा के नामों पर भी विचार हो रहा है। सूत्र ने अमिताभ बच्चन को निर्विवाद छवि वाला बताया और कहा कि वह गुजरात में पर्यटन के प्रचार-प्रसार का प्रमुख चेहरा रहे हैं। उन्हें इस अभियान में शामिल किये जाने के बाद राज्य के पर्यटन में बढ़ोतरी देखी गई। देश में असहिष्णुता को लेकर आमिर खान के बयानों को लेकर भाजपा समेत कई वर्गों ने उनकी आलोचना की थी। ‘अतुल्य भारत’ अभियान के लिए आमिर का करार खत्म होने के बाद उनका इससे जुड़ाव खत्म होने की खबर है।

ऐड एजेंसी ने कॉन्ट्रैक्ट किया खत्म

पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने गुरुवार को कहा था कि प्राइवेट एजेंसी ने आमिर के साथ कॉन्ट्रैक्ट खत्म किया है। दूसरी ओर आमिर ने कहा कि वह उनकी सेवाएं समाप्त करने के सरकार के फैसले का सम्मान करते हैं। उन्होंने यह भी साफ किया कि उन्होंने कभी ‘अतिथि देवो भव’ अभियान के लिए कोई पैसा नहीं लिया। आमिर को हटाये जाने को लेकर महेश शर्मा ने कहा, ‘मेरा मानना है कि पहले आपको स्पष्ट करना होगा कि क्या उन्हें उनकी कही किसी बात की वजह से हटाया जा रहा है या उनका करार खत्म हो रहा है। मुझे विश्वास है कि इसमें कोई अंतर जरूर होगा। मुझे नहीं लगता कि लोगों को केवल इसलिए हटा दिया जाता है कि वे किसी बात से इत्तेफाक नहीं रखते या कोई बात कहते हैं जो विवादास्पद होती है। जबकि अमिताभ ने कहा कि अगर उनसे अभियान में शामिल होने के लिए कहा जाएगा तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा